लखनऊ में शिक्षकों की कमी का मुद्दा एक बार फिर सड़क पर आ गया है। सोमवार सुबह बारिश के बीच जेन-अल्फा पीढ़ी की करीब 250 छात्राएं प्रदर्शन करने के लिए घर से नहीं, बल्कि स्कूल से निकलकर सड़क पर आ गईं। छात्राएं मोहान रोड स्थित जयप्रकाश नारायण सर्वोदय बालिका विद्यालय से करीब ढाई किलोमीटर पैदल चलकर दुबग्गा-कानपुर बाईपास तक पहुंचीं और यहां जिलाधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग करते हुए सड़क पर बैठ गईं।
बारिश के बीच बड़ी संख्या में छात्राओं के सड़क पर बैठ जाने से यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया और लंबा जाम लग गया। पुलिस ने छात्राओं को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे जिलाधिकारी से सीधे बात करने की मांग पर अड़ी रहीं। करीब दो घंटे तक समझाइश के बाद भी जब छात्राएं नहीं मानीं तो वे अचानक वहां से उठकर हजरतगंज की ओर आगे बढ़ने लगीं।
बारिश के बीच सड़क पर बैठीं करीब 250 छात्राएं
सोमवार सुबह मौसम खराब था और लखनऊ में बारिश हो रही थी। इसी दौरान जयप्रकाश नारायण सर्वोदय बालिका विद्यालय की करीब 250 छात्राएं मोहान रोड से पैदल निकलकर दुबग्गा-कानपुर बाईपास पहुंचीं।करीब ढाई किलोमीटर का रास्ता तय करने के बाद छात्राओं ने सड़क पर बैठकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनका मुख्य मुद्दा स्कूल में शिक्षकों की कमी बताया जा रहा है। छात्राओं की मांग थी कि उनकी समस्या सुनने के लिए जिलाधिकारी खुद मौके पर आएं।
सड़क पर बैठते ही लगा लंबा जाम
बड़ी संख्या में छात्राओं के सड़क पर बैठने के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। यातायात प्रभावित होने की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई।पारा और दुबग्गा समेत करीब चार थानों और पुलिस चौकियों से पुलिसकर्मियों को मौके पर भेजा गया। पुलिस ने छात्राओं को समझाने और सड़क खाली कराने की कोशिश की, लेकिन छात्राएं अपनी मांग से पीछे हटने को तैयार नहीं हुईं।करीब दो घंटे तक पुलिस और छात्राओं के बीच बातचीत का दौर चलता रहा।
डीएम को बुलाने की मांग पर अड़ी रहीं छात्राएं
पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को समझाकर वापस स्कूल जाने के लिए कहा, लेकिन छात्राओं ने साफ तौर पर जिलाधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग रखी।जब काफी देर तक उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो छात्राएं अचानक वहां से उठीं और हजरतगंज की दिशा में आगे बढ़ने लगीं। इससे पुलिस के सामने स्थिति को नियंत्रित करने की नई चुनौती खड़ी हो गई।
लखनऊ-हरदोई हाईवे पर रॉन्ग साइड दौड़ीं छात्राएं
प्रदर्शनकारी छात्राएं लखनऊ-हरदोई हाईवे पर सड़क के किनारे रॉन्ग साइड दौड़ते हुए आगे बढ़ने लगीं। उनके पीछे पुलिसकर्मी भी पैदल दौड़ते नजर आए।पुलिस लगातार छात्राओं को रोकने और समझाने का प्रयास करती रही। सुबह करीब 9:15 बजे छात्राएं बालागंज चौराहे तक पहुंच गईं, जहां उन्हें रोकने और शांत कराने की कोशिश जारी रही।
14 अगस्त को भी छात्रों ने किया था प्रदर्शन
लखनऊ में इसी मुद्दे को लेकर कुछ दिन पहले भी प्रदर्शन हो चुका है। 14 अगस्त को इसी विद्यालय के पास स्थित सर्वोदय विद्यालय के छात्रों ने आगरा एक्सप्रेसवे से जुड़ी लिंक रोड पर जाम लगा दिया था।उस दौरान समाज कल्याण विभाग के राज्यमंत्री भी जाम में फंस गए थे। उन्होंने मौके पर पहुंचकर छात्रों से बातचीत की और उन्हें समझाकर स्कूल परिसर में वापस ले गए थे।