लखनऊ। रक्षाबंधन के मौके पर उत्तरप्रदेश की योगी सरकार ने महिलाओं के लिए बड़ा ऐलान किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर 27 अगस्त की रात से 28 अगस्त की रात तक उत्तरप्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में महिलाएं अपने साथ एक सहयोगी के साथ मुफ्त यात्रा कर सकेंगी।मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को महिलाओं की यात्रा सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए विशेष इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं।
रक्षाबंधन पर महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रक्षाबंधन के अवसर पर प्रदेश की माताओं, बहनों और बेटियों के लिए यह सुविधा देने के निर्देश दिए हैं। निर्धारित अवधि में महिलाएं रोडवेज बसों में अपने एक सहयोगी के साथ बिना किराया यात्रा कर सकेंगी।सरकार का उद्देश्य त्योहार के दौरान महिलाओं को अपने मायके और परिवार तक सुरक्षित तरीके से पहुंचने में मदद करना है।
महिला सुरक्षा पर विशेष फोकस
मुख्यमंत्री ने परिवहन विभाग के साथ पुलिस और प्रशासन को भी महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रमुख मार्गों पर एंटी रोमियो स्क्वाड सक्रिय रहेगा।इसके अलावा बस चालकों की निगरानी की जाएगी, ताकि नशे की हालत में कोई चालक वाहन न चलाए। अधिकारियों को बस संचालन के दौरान सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं।
जलभराव को लेकर सीएम योगी सख्त
शनिवार को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हुई समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने प्रदेश के कई शहरों में जलभराव की स्थिति की भी समीक्षा की। प्रयागराज, वाराणसी, लखनऊ, कानपुर और गाजियाबाद समेत कई शहरों में जलभराव की समस्या को लेकर उन्होंने अधिकारियों को तत्काल कदम उठाने के निर्देश दिए।
19 बाढ़ प्रभावित जिलों में राहत कार्य तेज करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 19 बाढ़ प्रभावित जिलों में राहत कार्यों को लगातार सक्रिय रखने के निर्देश दिए। बलिया, गोंडा, बहराइच और लखीमपुर खीरी समेत प्रभावित जिलों में कंट्रोल रूम सक्रिय रखने को कहा गया है।उन्होंने अधिकारियों से प्रभावित परिवारों तक पका भोजन और राहत सामग्री समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।
चीनी की जमाखोरी और कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई
बैठक में चीनी की उपलब्धता और कीमतों की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में चीनी का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जमाखोरी और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।सरकार की नजर बाजार में चीनी की उपलब्धता और कीमतों पर बनी रहेगी।