अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट राम मंदिर की प्रशासनिक और व्यावहारिक व्यवस्थाओं को आधुनिक और पारदर्शी बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। ट्रस्ट के महासचिव गोविंद देव गिरि के अनुसार, आने वाले समय में मंदिर में रोजाना पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या और प्राप्त दानराशि का विवरण वेबसाइट पर सार्वजनिक किया जाएगा।
इस पहल का उद्देश्य मंदिर की व्यवस्थाओं में पारदर्शिता बढ़ाना और श्रद्धालुओं को चढ़ावे से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराना है। ट्रस्ट की ओर से व्यवस्थाओं को चरणबद्ध तरीके से अपडेट करने की बात कही गई है।
पूजा-पद्धति में संतों और आचार्यों का मार्गदर्शन जारी रहेगा
ट्रस्ट के अनुसार मंदिर की पूजा-पद्धति, धार्मिक परंपराओं और उत्सवों के संचालन में संतों और विद्वान आचार्यों का मार्गदर्शन पहले की तरह महत्वपूर्ण रहेगा।वहीं मंदिर से जुड़ी बाहरी प्रशासनिक और व्यावहारिक व्यवस्थाओं में आधुनिक प्रबंधन प्रणाली अपनाने की तैयारी है। ट्रस्ट का जोर इस बात पर है कि अनुशासन और श्रद्धा के बीच संतुलन बना रहे।
अयोध्या के संतों और स्थानीय लोगों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर
राम मंदिर की व्यवस्थाओं में अयोध्या के संतों और स्थानीय जनमानस की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है। ट्रस्ट का प्रयास मंदिर और अयोध्या के बीच संवाद और जुड़ाव को और मजबूत करना है।स्थानीय लोगों की अपेक्षाओं और भावनाओं को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाओं में बदलाव करने की योजना बनाई जा रही है।
सीता रसोई और अन्नक्षेत्र में भी होगा बदलाव
राम मंदिर ट्रस्ट सीता रसोई और अन्नक्षेत्र की मौजूदा व्यवस्था पर भी पुनर्विचार कर रहा है। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को प्रसाद और भोजन अधिक सम्मानजनक, व्यवस्थित और बेहतर तरीके से उपलब्ध कराना है।बताया गया है कि सीता रसोई में अब तक श्रद्धालुओं को प्रसाद के रूप में खिचड़ी दी जाती है। अब यहां भोजन व्यवस्था को बेहतर बनाने की तैयारी की जा रही है।
दिसंबर तक तैयार हो सकता है भव्य ऑडिटोरियम
राम मंदिर परिसर में बन रहा भव्य ऑडिटोरियम दिसंबर तक तैयार होने की संभावना है। इसमें एक साथ करीब 500 लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी।ऑडिटोरियम में धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों के साथ देशभर के विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके जरिए देश के अलग-अलग हिस्सों के कलाकारों को भी मंच उपलब्ध कराने की योजना है।
राम मंदिर के नए CEO जितेंद्र मिश्र ने संभाला कार्यभार
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के नवनियुक्त CEO एयर मार्शल (सेवानिवृत्त) जितेंद्र मिश्र ने कार्यभार संभाल लिया है। उन्होंने अयोध्या में दो दिन प्रवास के दौरान राम मंदिर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और ट्रस्ट के पदाधिकारियों के साथ कई दौर की बैठकें कीं।बैठकों में मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं, कर्मचारियों, सुरक्षा, सेवा-पूजा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई।
ट्रस्ट के महासचिव गोविंद देव गिरि के अनुसार जितेंद्र मिश्र की व्यावहारिक जॉइनिंग मान ली गई है। अब वह अगले सप्ताह से अपनी जिम्मेदारी संभालते हुए नई व्यवस्थाओं के क्रियान्वयन की दिशा में काम शुरू करेंगे।
CEO जितेंद्र मिश्र बोले- पहले पूरे सिस्टम को समझूंगा
जितेंद्र मिश्र ने कहा कि फिलहाल वह राम मंदिर की पूरी व्यवस्था और सिस्टम को समझने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने मंदिर जाकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और ट्रस्ट के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आगे की योजना पर चर्चा की।
उन्होंने कहा कि आगे एक टीम गठित की जाएगी और उसके सहयोग से काम को आगे बढ़ाया जाएगा। यह टीम मंदिर की मौजूदा व्यवस्थाओं से परिचित और विभिन्न क्षेत्रों में दक्ष अधिकारियों-कर्मचारियों को शामिल करके तैयार की जा सकती है।