शामली: उत्तरप्रदेश के शामली जिले में देर रात एक दर्दनाक हादसे में मां और उसकी दो बेटियों की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसा बाबरी थाना क्षेत्र के कैड़ी गांव में रात करीब 12 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे, तभी किचन में शॉर्ट सर्किट के बाद गैस सिलेंडर में जोरदार ब्लास्ट हो गया। धमाका इतना तेज था कि कमरे की छत गिर गई और देखते ही देखते पूरे घर में आग फैल गई। हादसे में मां और दो बेटियां अंदर ही फंस गईं, जबकि बगल के कमरे में सो रहे पति और दो बेटे बाल-बाल बच गए।
किचन में शॉर्ट सर्किट के बाद सिलेंडर में हुआ ब्लास्ट
जानकारी के मुताबिक, रात करीब 12 बजे परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे। इसी दौरान घर के किचन में शॉर्ट सर्किट हुआ। इसके बाद गैस सिलेंडर में विस्फोट हो गया। धमाके के साथ ही पूरे घर में आग फैल गई और कमरे की छत भी ढह गई।आग इतनी तेजी से फैली कि मां और उसकी दोनों बेटियों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। कुछ ही सेकंड में घर आग की लपटों से घिर गया।
बगल के कमरे में सो रहे पति और दोनों बेटे बचे
हादसे के समय महिला का पति और उसके दोनों बेटे घर के दूसरे कमरे में सो रहे थे। धमाके और आग की लपटों के बीच मची चीख-पुकार सुनकर उनकी नींद खुल गई।तीनों तुरंत घटनास्थल की ओर भागे और आग बुझाकर मां-बेटियों को बचाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी विकराल थी कि वे सफल नहीं हो सके। इस हादसे में पति और दोनों बेटों की जान बच गई, जबकि मां और दोनों बेटियों की मौत हो गई।
2 घंटे के रेस्क्यू के बाद मलबे से मिले तीनों के शव
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। करीब दो घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। इसके बाद छत के मलबे के नीचे से तीनों के जले हुए शव बरामद किए गए।मृतकों की पहचान मां शाहिदा (32), बेटी अदन (13) और माहिरा (11) के रूप में हुई है।
जिला मुख्यालय से 35 किलोमीटर दूर हुआ हादसा
यह दर्दनाक घटना शामली जिला मुख्यालय से करीब 35 किलोमीटर दूर बाबरी थाना क्षेत्र के कैड़ी गांव में हुई।