लखनऊ: उत्तरप्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने चुनावी रणनीति को जमीन पर उतारने के लिए संगठन से लेकर बूथ स्तर तक का रोडमैप तैयार किया है। इसके तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रदेश के सभी 18 मंडलों में रैलियां कर सकते हैं, जबकि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह क्षेत्रवार सभाओं और बूथ सम्मेलनों के जरिए संगठन को सक्रिय करेंगे। इसके अलावा बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और अन्य केंद्रीय मंत्री भी चुनावी अभियान में उतरेंगे। पार्टी का फोकस घर-घर संपर्क, मतदाता सूची के सत्यापन और बूथ प्रबंधन पर रहेगा।
PM मोदी और अमित शाह संभालेंगे चुनावी कमान
बीजेपी की चुनावी रणनीति को लेकर हाल ही में लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में वरिष्ठ नेताओं की बैठक हुई। इसमें प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह सहित क्षेत्रीय अध्यक्ष, प्रभारी और जिलाध्यक्ष शामिल हुए।बैठक में तय रणनीति के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में रैलियां प्रस्तावित हैं। वहीं अमित शाह सभी 18 प्रशासनिक मंडलों में सभाओं और संगठनात्मक कार्यक्रमों के जरिए कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे।इसके अलावा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और अन्य केंद्रीय नेता भी प्रदेश में चुनावी सभाएं करेंगे।
50 परिवारों पर एक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी
बीजेपी ने इस बार घर-घर संपर्क अभियान को अपनी रणनीति का प्रमुख हिस्सा बनाया है। इसके तहत हर 50 परिवारों पर एक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी तय की जाएगी।ये कार्यकर्ता अपने क्षेत्र के परिवारों से नियमित संपर्क करेंगे और उन्हें केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं तथा पार्टी की नीतियों की जानकारी देंगे।इसके साथ ही अलग-अलग जातियों, वर्गों और समुदायों के लोगों तक पहुंच बनाने की जिम्मेदारी भी कार्यकर्ताओं को दी जाएगी। जिला स्तर पर समन्वय टोलियां बनाई जाएंगी, ताकि चुनावी गतिविधियों को व्यवस्थित तरीके से संचालित किया जा सके।
1918 मंडलों में प्रवास करेंगे बीजेपी कार्यकर्ता
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों में पूरी ताकत से जुटने के निर्देश दिए हैं। पार्टी प्रदेश के सभी 1918 संगठनात्मक मंडलों में प्रवास के लिए मजबूत टीमें तैयार करेगी।इसके तहत कार्यकर्ता अपने निर्धारित क्षेत्रों में रात्रि प्रवास करेंगे। गांवों में चौपाल और जनसंवाद के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।विधानसभा क्षेत्रों में प्रवासी प्रभारियों की नियुक्ति के साथ जिला और विधानसभा स्तर पर चुनाव संचालन समितियों का गठन भी किया जाएगा।
3 नवंबर से छह क्षेत्रों में निकलेगी पदयात्रा
संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह के मुताबिक, 3 नवंबर से प्रदेश के सभी छह संगठनात्मक क्षेत्रों में 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' अभियान के तहत पदयात्राएं निकाली जाएंगी।इन पदयात्राओं में प्रत्येक क्षेत्र से कम से कम 25 हजार लोगों की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है।पार्टी इन कार्यक्रमों के जरिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और संगठन की गतिविधियों को आम लोगों तक पहुंचाने की तैयारी में है।
सोशल मीडिया पर भी बढ़ेगी सक्रियता
बीजेपी ने सोशल मीडिया अभियान को भी चुनावी रणनीति का हिस्सा बनाया है। जिलाध्यक्षों को निर्देश दिए गए हैं कि वे सोशल मीडिया पर केवल अपनी तस्वीरें साझा करने के बजाय पार्टी के मुद्दों, नीतियों और संगठनात्मक गतिविधियों को प्रमुखता दें।पार्टी का प्रयास है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से युवाओं और नए मतदाताओं तक पहुंच बनाई जाए।