लखनऊ - उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों की तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से महिलाओं के लिए कई घोषणाओं के बीच अब समाजवादी पार्टी ने भी बड़ा चुनावी वादा किया है। सपा ने कहा है कि अगर उसकी सरकार बनती है तो महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

डिंपल यादव ने किया योजना का ऐलान
लखनऊ स्थित सपा कार्यालय में पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी में मैनपुरी सांसद डिंपल यादव ने ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी। डिंपल यादव के मुताबिक, यह सहायता केवल 40 हजार रुपये तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि आने वाले वर्षों में इसमें बढ़ोतरी भी की जाएगी। पार्टी का दावा है कि योजना का उद्देश्य प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है।
महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करने पर जोर
डिंपल यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी के PDA में आधी आबादी यानी महिलाओं की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। पार्टी का मानना है कि महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त किए बिना प्रदेश का समग्र विकास संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आर्थिक सहायता के साथ-साथ मोबाइल, लैपटॉप, शिक्षा और प्रशिक्षण जैसे माध्यमों से भी सशक्त बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।

बीजेपी की घोषणाओं के बीच सपा का दांव
सपा की यह घोषणा ऐसे समय हुई है, जब प्रदेश सरकार की ओर से भी महिलाओं को लेकर कई बड़े फैसले और प्रस्ताव सामने आ रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को आजीवन मुफ्त बस यात्रा की सुविधा देने का ऐलान किया है। इसके अलावा गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वाली महिलाओं को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की तैयारी की भी बात सामने आई है। ऐसे में सपा का सालाना 40 हजार रुपये देने का वादा चुनावी राजनीति में महिलाओं को केंद्र में रखने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।
महिला वोटरों पर नजर
उत्तर प्रदेश की राजनीति में महिला मतदाताओं की भूमिका लगातार महत्वपूर्ण होती जा रही है। ऐसे में राजनीतिक दल महिलाओं के लिए आर्थिक सहायता, मुफ्त यात्रा, शिक्षा और रोजगार से जुड़ी योजनाओं के जरिए उन्हें अपने पक्ष में करने की कोशिश कर रहे हैं। अब देखना होगा कि चुनाव से पहले सपा के इस वादे को जनता की ओर से कैसी प्रतिक्रिया मिलती है और आने वाले दिनों में अन्य राजनीतिक दल महिलाओं के लिए कौन-कौन सी नई घोषणाएं करते हैं।