लखनऊ: उत्तरप्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी सिलसिले में भारत निर्वाचन आयोग (ECI) सोमवार से दो दिवसीय लखनऊ दौरे पर पहुंच रहा है। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में आयोग का प्रतिनिधिमंडल चुनावी तैयारियों की समीक्षा के साथ युवाओं, विद्यार्थियों और बूथ स्तर की चुनावी मशीनरी से सीधे संवाद करेगा।
आयोग का यह दौरा खास तौर पर मतदाता जागरूकता, चुनावी प्रक्रिया की जानकारी और जमीनी स्तर पर चुनावी व्यवस्था को मजबूत करने पर केंद्रित रहेगा। दौरे के दौरान विद्यार्थियों से लेकर बूथ लेवल अधिकारियों तक अलग-अलग स्तर पर संवाद किया जाएगा।
अपने पुराने कॉलेज में विद्यार्थियों से संवाद करेंगे मुख्य निर्वाचन आयुक्त
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार सोमवार को अपने पुराने शिक्षण संस्थान काल्विन कॉलेज पहुंचेंगे। यहां वह विद्यार्थियों के साथ संवाद करेंगे और उन्हें चुनावी प्रक्रिया, मतदाता जागरूकता तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में युवाओं की भूमिका के बारे में जानकारी देंगे।
युवाओं को चुनावी प्रक्रिया से जोड़ने और उन्हें जागरूक मतदाता बनाने के उद्देश्य से यह संवाद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आयोग की कोशिश है कि युवा वर्ग न सिर्फ मतदान करे, बल्कि चुनावी प्रक्रिया को भी बेहतर तरीके से समझे।
इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में होगा क्षेत्रीय सम्मेलन
विद्यार्थियों से संवाद के बाद मुख्य निर्वाचन आयुक्त इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित क्षेत्रीय सम्मेलन में शामिल होंगे। यह सम्मेलन इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब 2.0 (ELC 2.0) और आयोग के एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म ECINET पर केंद्रित होगा।इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के 20 जिलों के 120 विधानसभा क्षेत्रों से करीब 1500 विद्यार्थी, शिक्षक, प्राचार्य और संस्थान प्रमुख हिस्सा लेंगे।आयोग के इस कार्यक्रम का उद्देश्य शैक्षणिक संस्थानों में चुनावी साक्षरता को बढ़ावा देना और युवाओं को मतदान प्रक्रिया तथा निर्वाचन व्यवस्था से जोड़ना है।
440 शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधि होंगे शामिल
लखनऊ में होने वाले क्षेत्रीय सम्मेलन में 20 जिलों के 440 शैक्षणिक संस्थानों से विद्यार्थी और शिक्षक हिस्सा लेंगे। इनके अलावा संबंधित संस्थानों के प्राचार्य और प्रमुख भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।कार्यक्रम में शाहजहांपुर, अयोध्या, बाराबंकी, सुलतानपुर, अमेठी, गोंडा, बहराइच, मैनपुरी, कानपुर नगर, कानपुर देहात, औरैया, इटावा, कन्नौज, प्रतापगढ़, लखनऊ, हरदोई, लखीमपुर खीरी, रायबरेली, सीतापुर और उन्नाव के अधिकारी व प्रतिनिधि शामिल होंगे।इन जिलों से उप जिला निर्वाचन अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक और मीडिया नोडल अधिकारी भी सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।
तीन चरणों में होंगे क्षेत्रीय सम्मेलन
भारत निर्वाचन आयोग की ओर से ELC 2.0 और ECINET को लेकर उत्तर प्रदेश में कुल तीन चरणों में क्षेत्रीय सम्मेलन आयोजित किए जाने हैं।इन सम्मेलनों का आयोजन लखनऊ, मेरठ और वाराणसी में किया जाएगा। लखनऊ में होने वाला सम्मेलन इसका पहला चरण है।
इन कार्यक्रमों के जरिए विद्यार्थियों और शिक्षकों को चुनावी प्रक्रिया की जानकारी देने के साथ-साथ डिजिटल माध्यमों के इस्तेमाल और मतदाता जागरूकता से जुड़े पहलुओं पर भी चर्चा की जाएगी।
दूसरे दिन 500 बूथ लेवल अधिकारियों से संवाद
आयोग के लखनऊ दौरे का दूसरा दिन भी बेहद महत्वपूर्ण रहेगा। 25 अगस्त को मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में ही लखनऊ और आसपास के जिलों से जुड़े करीब 500 बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) के साथ संवाद करेंगे।BLO चुनावी प्रक्रिया में जमीनी स्तर पर महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मतदाता सूची से जुड़े कार्य, नए मतदाताओं का पंजीकरण, मतदाता विवरण में संशोधन और मतदाताओं से संबंधित कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां बूथ स्तर पर इन्हीं अधिकारियों के माध्यम से पूरी होती हैं।ऐसे में मुख्य निर्वाचन आयुक्त का BLO के साथ सीधा संवाद आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
2027 विधानसभा चुनाव से पहले बढ़ी तैयारियां
उत्तर प्रदेश में अगले वर्ष विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। चुनाव से पहले निर्वाचन आयोग की गतिविधियां बढ़ने लगी हैं। लखनऊ में होने वाले इस दो दिवसीय कार्यक्रम के जरिए आयोग विभिन्न वर्गों और चुनावी तंत्र से जुड़े अधिकारियों के साथ संवाद स्थापित करेगा।खास तौर पर विद्यार्थियों और युवाओं को चुनावी प्रक्रिया से जोड़ने तथा BLO स्तर पर तैयारियों को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है। आने वाले समय में आयोग की ओर से चुनावी तैयारियों को लेकर और भी गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।