उत्तरप्रदेश में लगातार हो रही मानसूनी बारिश के कारण कई नदियां उफान पर हैं और प्रदेश के 13 जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। गंगा और घाघरा समेत छह नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। बाढ़ और बारिश से एक लाख से ज्यादा लोग प्रभावित बताए जा रहे हैं।
चित्रकूट में मंदाकिनी नदी का पानी बाजार तक पहुंच गया है, जहां सड़कों पर नाव चलाने की स्थिति बन गई है। वहीं, बहराइच में कई गांव जलमग्न हैं। प्रयागराज और काशी में भी नदी का जलस्तर बढ़ने से कई प्रमुख इलाके और धार्मिक स्थल प्रभावित हुए हैं।
चित्रकूट में बाजार तक पहुंचा मंदाकिनी का पानी
लगातार बारिश के कारण चित्रकूट में मंदाकिनी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। नदी का पानी बाजार तक पहुंचने के बाद कई सड़कों पर नावें चलानी पड़ रही हैं।बाढ़ की स्थिति को देखते हुए गुप्त गोदावरी की दोनों गुफाओं को पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया है। प्रशासन की ओर से लोगों को नदी और जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने की सलाह दी जा रही है।
बहराइच में ट्रैक्टर से बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचे मंत्री
बहराइच के कई गांव बाढ़ के पानी से घिर गए हैं। गुरुवार को मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने ट्रैक्टर पर बैठकर प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं जानीं और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।जलभराव वाले क्षेत्रों में राहत और बचाव व्यवस्था को लेकर प्रशासन की टीमें सक्रिय हैं।
प्रयागराज में गंगा-यमुना उफान पर
प्रयागराज में गंगा और यमुना का जलस्तर बढ़ने से कई इलाके प्रभावित हैं। रसूलाबाद से नागवासुकी मंदिर तक जाने वाली रिवर फ्रंट रोड पानी में डूब गई है।गंगा का पानी 'लेटे हुए' हनुमान मंदिर कॉरिडोर तक पहुंच गया है। शहर के कई निचले इलाकों में भी जलभराव की स्थिति बनी हुई है।प्रयागराज में पिछले पांच दिनों से रुक-रुककर बारिश हो रही है। दारागंज, करेली और सलोरी जैसे इलाकों में घरों के अंदर करीब तीन-तीन फीट पानी भरने की जानकारी सामने आई है। हालात के चलते 2 हजार से ज्यादा छात्रों ने हॉस्टल खाली कर दिए हैं।
प्रयागराज-कौशांबी समेत 5 जिलों में सुबह बारिश
शुक्रवार तड़के प्रयागराज और कौशांबी समेत पांच जिलों में बारिश हुई। सुबह से कई इलाकों में घने काले बादल छाए हुए हैं।वहीं, लखनऊ, कानपुर और वाराणसी समेत प्रदेश के ज्यादातर शहरों में फिलहाल मौसम अपेक्षाकृत साफ है। बादलों की आवाजाही के बीच हल्की हवाएं चल रही हैं।
65 जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के 65 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। लगातार सक्रिय मानसूनी सिस्टम के कारण आने वाले समय में कई इलाकों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।बाढ़ प्रभावित जिलों में लगातार बारिश होने पर नदियों का जलस्तर और बढ़ सकता है। ऐसे में निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ने की आशंका है।