रक्षाबंधन से पहले उत्तरप्रदेश की योगी सरकार ने महिलाओं के लिए बड़ा फैसला लिया है। कैबिनेट बैठक में 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को उत्तरप्रदेश रोडवेज की बसों में मुफ्त यात्रा कराने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। सरकार के मुताबिक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को इस योजना की शुरुआत करेंगे।कैबिनेट बैठक में कुल 24 प्रस्तावों पर मुहर लगी। इनमें वरिष्ठ महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा के साथ 250 इलेक्ट्रिक बसों की खरीद का प्रस्ताव भी शामिल है।
60 साल से ज्यादा उम्र की महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा
नई योजना लागू होने के बाद उत्तर प्रदेश में 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाएं परिवहन निगम की बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के मुताबिक इसे लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति योजना के तहत लागू किया जाएगा।इस सुविधा के तहत पात्र महिलाओं को परिवहन निगम की बसों में आजीवन निशुल्क यात्रा की अनुमति होगी।
आधार या वोटर आईडी दिखाना होगा
मुफ्त यात्रा का लाभ लेने के लिए महिलाओं को अपनी उम्र का प्रमाण देना होगा। इसके लिए आधार कार्ड या वोटर आईडी कार्ड दिखाना होगा।सरकार के मुताबिक 2011 की जनगणना के आधार पर करीब 81 लाख महिलाएं इस योजना के दायरे में आएंगी। परिवहन मंत्री ने लाभार्थियों की संख्या एक करोड़ से अधिक होने की बात भी कही है।
विधानसभा चुनाव के वादे पर अमल
बीजेपी ने 2022 के उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान 60 वर्ष की उम्र पूरी कर चुकी महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा की सुविधा देने का वादा किया था।अब कैबिनेट से प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद इस चुनावी वादे को लागू करने का रास्ता साफ हो गया है। सरकार ने इसे रक्षाबंधन से पहले महिलाओं के लिए बड़ा उपहार बताया है।
250 इलेक्ट्रिक बसें भी खरीदेगा परिवहन विभाग
कैबिनेट ने उत्तरप्रदेश परिवहन विभाग के लिए 250 इलेक्ट्रिक बसें खरीदने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है। इनमें 42 सीटर और 52 सीटर इलेक्ट्रिक बसें शामिल होंगी।इन बसों की खरीद पर करीब 425 करोड़ रुपये खर्च किए जाने की जानकारी दी गई है। इलेक्ट्रिक बसों के शामिल होने से सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक बनाने के साथ प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलने की उम्मीद है।
रक्षाबंधन पर महिलाओं को फ्री यात्रा
इसके अलावा रक्षाबंधन के मौके पर उत्तरप्रदेश में पहले की तरह महिलाओं को परिवहन निगम की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के अनुसार 27 अगस्त की सुबह 6 बजे से 29 अगस्त की रात 12 बजे तक मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी। यह सुविधा रक्षाबंधन के आसपास निर्धारित अवधि में लागू रहेगी।