उत्तरप्रदेश में पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल किया गया है। योगी सरकार के निर्देश पर 9 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। इस सूची में चर्चित आईपीएस अधिकारी केके बिश्नोई, मेरठ के SSP अविनाश पांडे और सुल्तानपुर की SP चारु निगम समेत कई अधिकारियों के नाम शामिल हैं। तबादलों के बाद कई जिलों में नए पुलिस कप्तानों की तैनाती की गई है।
मेरठ SSP अविनाश पांडे का तबादला
मेरठ के SSP अविनाश पांडे का भी तबादला कर दिया गया है। वह पिछले दिनों एक प्रदर्शन के दौरान पुलिस वैन में घुसकर एक प्रदर्शनकारी को थप्पड़ मारने के मामले को लेकर चर्चा में आए थे।अब उन्हें पुलिस महानिदेशक मुख्यालय में पुलिस अधीक्षक पद पर संबद्ध किया गया है। उनकी जगह BBGTS मूर्ति को मेरठ का नया SSP बनाया गया है।
चारु निगम को सुल्तानपुर से हटाया
सुल्तानपुर की SP चारु निगम का भी तबादला किया गया है। उन्हें यूपी 112 लखनऊ में पुलिस अधीक्षक के पद पर भेजा गया है।उनकी जगह गोंडा के SP विनीत जायसवाल को सुल्तानपुर की जिम्मेदारी दी गई है। विनीत जायसवाल के स्थान पर बिजनौर के SP अभिषेक झा को गोंडा का नया SP बनाया गया है।
केके बिश्नोई को बिजनौर की कमान
संभल के चर्चित 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी केके बिश्नोई का भी तबादला किया गया है। उन्हें संभल SP पद से हटाकर बिजनौर का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।वहीं, संभल में पहली बार कप्तानी की जिम्मेदारी विकास चंद्र त्रिपाठी को दी गई है। विकास चंद्र त्रिपाठी इससे पहले बाराबंकी के SP के पद पर तैनात थे।
विकास कुमार बने झांसी के नए SSP
2017 बैच के आईपीएस अधिकारी विकास कुमार का भी तबादला किया गया है। उन्हें बलरामपुर SP पद से हटाकर झांसी का नया SSP बनाया गया है।बलरामपुर में अब मार्तंड प्रकाश सिंह को SP की जिम्मेदारी दी गई है। मार्तंड प्रकाश सिंह इससे पहले हरदोई में अपर पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात थे।
कई जिलों में बदली पुलिस कमान
आईपीएस अधिकारियों के तबादले के बाद बिजनौर, संभल, मेरठ, सुल्तानपुर, गोंडा, बलरामपुर और झांसी समेत कई जिलों की पुलिस कमान में बदलाव हुआ है। सरकार के इस प्रशासनिक फेरबदल के बाद नए अधिकारियों के सामने कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां होंगी।