उत्तरप्रदेश में मानसूनी बारिश का दौर लगातार जारी है। बुधवार को लखनऊ, कानपुर, बरेली और उन्नाव समेत करीब 30 जिलों में तेज बारिश हुई। लगातार बारिश के चलते कई शहरों में जलभराव की स्थिति बन गई है, वहीं नदियों और बांधों का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का खतरा भी गहरा गया है।
सोनभद्र का प्रदेश का सबसे बड़ा रिहंद बांध ओवरफ्लो होने के बाद उसके पांच गेट खोलकर पानी की निकासी की जा रही है। चित्रकूट में भी कई बांधों के गेट खोले गए हैं और 50 से ज्यादा गांवों में अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के सभी 75 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है।
लखनऊ में सड़क धंसी, 10 फीट गड्ढे में गिरा युवक
लखनऊ में लगातार बारिश के बीच एक हादसा भी सामने आया। बारिश के कारण सड़क धंसने से करीब 10 फीट गहरा गड्ढा बन गया। इसी दौरान एक युवक बाइक समेत गड्ढे में गिर गया।राजधानी में करीब 20 घंटे से रुक-रुककर बारिश जारी है, जिससे कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है।
सोनभद्र का रिहंद बांध ओवरफ्लो, 5 गेट खोले
सोनभद्र में प्रदेश का सबसे बड़ा रिहंद बांध ओवरफ्लो हो गया है। पानी का स्तर बढ़ने के बाद बांध के 5 गेट खोलकर पानी की निकासी की जा रही है।बांध से पानी छोड़े जाने के बाद आसपास के क्षेत्रों में प्रशासन की निगरानी बढ़ गई है। लगातार बारिश के बीच जलस्तर पर नजर रखी जा रही है।
चित्रकूट में तीन बांधों के गेट खोले, 50 से ज्यादा गांव अलर्ट
चित्रकूट में भी लगातार बारिश के कारण हालात बिगड़ रहे हैं। यहां बरुआ, राशिन और गुंता बांध के गेट खोल दिए गए हैं।36 घंटे से रुक-रुककर हो रही बारिश और बढ़ते जलस्तर को देखते हुए 50 से ज्यादा गांवों में अलर्ट जारी किया गया है। मंदाकिनी नदी का पानी भी रामघाट और आसपास के इलाकों की सड़कों तक पहुंच गया है।
काशी में गलियां तालाब बनीं, घाटों तक पहुंचा गंगा का पानी
वाराणसी में लगातार बारिश और गंगा के बढ़ते जलस्तर से स्थिति चिंताजनक हो गई है। शहर की कई गलियों में पानी भर गया है।गंगा का पानी मणिकर्णिका समेत सभी घाटों के ऊपर तक पहुंच गया है। करीब 50 फीट ऊंचा रत्नेश्वर महादेव मंदिर भी लगभग 95 प्रतिशत तक पानी में डूब गया है।
प्रयागराज में गंगा-यमुना उफान पर, घरों तक पहुंचा पानी
प्रयागराज में गंगा और यमुना नदियों का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का असर दिखाई देने लगा है। रिवरफ्रंट रोड के आसपास बने घरों तक पानी पहुंच गया है।नागवासुकी मंदिर की सीढ़ियां भी जलमग्न हो गई हैं। ग्रामीण इलाकों में कई सड़कें पानी में डूब गई हैं, जिससे लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही है।
चित्रकूट में 500 दुकानों और 20-25 होटलों में घुसा पानी
चित्रकूट में मंदाकिनी नदी का पानी रामघाट समेत आसपास की सड़कों पर बह रहा है। इसके चलते करीब 500 दुकानों और 20-25 होटलों में पानी घुसने की बात सामने आई है।हालात को देखते हुए डीएम पुलकित गर्ग और एसपी अरुण कुमार सिंह खुद सड़कों पर उतरकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। प्रशासन की ओर से लाउडस्पीकर के जरिए लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की जा रही है।
CM योगी ने अफसरों को ग्राउंड पर उतरने के निर्देश दिए
बाढ़ और बारिश से बिगड़ते हालात के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को खुद ग्राउंड पर उतरकर प्रभावित इलाकों की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं।मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा है कि प्रभावित परिवारों तक हर संभव मदद पहुंचाई जाए और आम जनता को जलभराव जैसी परेशानियों का सामना न करना पड़े। उन्होंने बारिश और बाढ़ से हुए नुकसान का आंकलन कर प्रभावित लोगों को 24 घंटे के भीतर मुआवजा देने के निर्देश भी दिए हैं।
आज सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने आज उत्तरप्रदेश के सभी 75 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। ऐसे में पहले से जलभराव और बाढ़ की स्थिति झेल रहे इलाकों में प्रशासन की चुनौती और बढ़ सकती है।लगातार बारिश के कारण नदियों और बांधों के जलस्तर पर नजर रखी जा रही है।