उत्तरप्रदेश में लगातार हो रही मानसूनी बारिश से बाढ़ की स्थिति गंभीर होती जा रही है। 19 जिले बाढ़ की चपेट में हैं, जबकि बदायूं में गंगा और रामगंगा खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।कई जिलों में सड़कें और पुल डूब गए हैं। महोबा के जिला अस्पताल की इमरजेंसी में पानी भर गया, वहीं आज प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
बदायूं में गंगा में समा गया मकान
बदायूं में गंगा और रामगंगा नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया है। नदी के तेज कटान की चपेट में आने से एक मकान गंगा में समा गया। वहीं रामगंगा नदी का पानी बदायूं-शाहजहांपुर हाईवे के ऊपर से बह रहा है।कई सड़कों पर करीब दो फीट तक पानी भरने से आवागमन प्रभावित हुआ है। फर्रुखाबाद में भी गंगा का पानी 70 से ज्यादा घरों में घुस गया है, जिससे 100 से अधिक परिवार प्रभावित हुए हैं।
चंदौली में डैम ओवरफ्लो, खोले गए गेट
चंदौली में लगातार बारिश के कारण मूसाखांड और लतीफशाह बांध पूरी तरह भर गए हैं। जलस्तर बढ़ने के बाद दोनों बांधों के गेट खोल दिए गए हैं।वहीं लखीमपुर में शारदा नदी पर बने तमोलिन पुरवा बांध का एक हिस्सा कट गया है। इससे आसपास के दर्जनों गांवों पर बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।
ललितपुर में पुल के ऊपर से बह रहा पानी
ललितपुर में खेड़ार नदी उफान पर है। नदी का पानी पुल से करीब तीन फीट ऊपर बह रहा है। सिरसी पुल भी पानी में डूब गया है। इससे कई इलाकों का संपर्क प्रभावित हुआ है।वाराणसी में गंगा और प्रयागराज में यमुना का जलस्तर फिलहाल स्थिर बताया जा रहा है, लेकिन दोनों शहरों में नदी किनारे के घाट अभी भी डूबे हुए हैं।
महोबा जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भरा पानी
बारिश ने स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था को भी प्रभावित किया है। महोबा के जिला अस्पताल में पानी भर गया। इमरजेंसी वार्ड की छत से भी पानी टपकने लगा।
झांसी समेत 10 जिलों में सुबह से बारिश
बुधवार तड़के से झांसी, जालौन, हमीरपुर, महोबा और ललितपुर समेत करीब 10 जिलों में बारिश का दौर जारी है। राजधानी लखनऊ में भी रिमझिम बारिश हो रही है।इससे पहले मंगलवार को प्रदेश के 69 जिलों में बारिश रिकॉर्ड की गई। वाराणसी में करीब 20 घंटे तक हुई बारिश से सड़कें और गलियां जलमग्न हो गईं। BHU अस्पताल परिसर में भी घुटनों तक पानी भर गया।
आज 75 जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने बुधवार को उत्तरप्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें 7 जिलों में बहुत भारी बारिश, जबकि 33 जिलों में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।लगातार बारिश के कारण पहले से बाढ़ प्रभावित इलाकों में हालात और बिगड़ने की आशंका है। प्रशासन की ओर से नदी और जलाशयों के आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।