उत्तरप्रदेश में मानसूनी बारिश ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। मौसम विभाग (IMD) ने गुरुवार को प्रदेश के 63 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है, जिनमें 9 जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट है। लगातार बारिश के चलते प्रदेश के 13 जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं और 173 गांव प्रभावित हुए हैं। प्रयागराज में हालात गंभीर होने के बाद 12वीं तक के स्कूल बंद कर दिए गए हैं।
प्रयागराज में बारिश से बाढ़ जैसे हालात
प्रयागराज में पिछले चार दिनों से रुक-रुककर तेज बारिश हो रही है। दारागंज, मोरी गेट और करेली समेत कई इलाकों में जलभराव के कारण बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। कई घरों में करीब 5 फीट तक पानी भरने की सूचना है।इलाहाबाद हाईकोर्ट ने प्रयागराज के डीएम को सख्त निर्देश देते हुए कहा है कि शहरी इलाकों से 24 से 48 घंटे के भीतर पानी निकालने की व्यवस्था की जाए।
63 जिलों में बारिश का अलर्ट
गुरुवार सुबह अयोध्या, जौनपुर समेत 40 से ज्यादा शहरों में आसमान में बादल छाए रहे। IMD ने प्रदेश के 63 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें 9 जिलों में भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट बताया गया है।
13 जिलों में बाढ़ जैसे हालात, 84 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित
बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर के कारण प्रदेश के 13 जिलों में बाढ़ जैसे हालात हैं। करीब 173 गांव बाढ़ की चपेट में हैं और 84 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित बताए जा रहे हैं।प्रशासन की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्यों में जुटी हैं। नदियों के किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।
चित्रकूट में मंदाकिनी खतरे के निशान के ऊपर
चित्रकूट में मंदाकिनी नदी खतरे के निशान को पार कर गई है। रामघाट की सभी सीढ़ियां पानी में डूब गई हैं। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने नदी किनारे बैरिकेडिंग कर दी है।श्रद्धालुओं को नदी के पास जाने से रोकने के लिए लाउडस्पीकर के जरिए लगातार अपील की जा रही है।
बहराइच में 5 हजार लोग बाढ़ से प्रभावित
बहराइच में भी बाढ़ का असर दिखाई दे रहा है। यहां करीब 5 हजार लोग प्रभावित बताए गए हैं। एसडीएम ने ट्रैक्टर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर हालात का जायजा लिया।प्रशासन की ओर से प्रभावित इलाकों में स्थिति पर नजर रखी जा रही है और जरूरत के अनुसार राहत पहुंचाई जा रही है।
लखीमपुर के स्कूल में घुसा 5 फीट लंबा कोबरा
लखीमपुर खीरी के एक प्राथमिक स्कूल में करीब 5 फीट लंबा कोबरा सांप घुसने से हड़कंप मच गया। स्कूल प्रिंसिपल ने सांप पकड़ने वाले को बुलाया, जिसने कोबरा को सुरक्षित पकड़कर जंगल में छोड़ दिया।
सोनभद्र में कनहर बांध के 14 गेट खोले गए
सोनभद्र में लगातार बारिश और बढ़ते जलस्तर के बीच कनहर बांध के 14 फाटक एक साथ खोलने पड़े। बांध से पानी छोड़े जाने के बाद आसपास के इलाकों में प्रशासन की निगरानी बढ़ा दी गई है।नदियों और बांधों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।