लखनऊ: उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच मुख्यमंत्री ने जनहानि, पशुहानि और आर्थिक नुकसान का संज्ञान लिया है। सीएम ने सभी वरिष्ठ अधिकारियों को फील्ड में उतरकर हालात का जायजा लेने और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
जनहानि और आर्थिक नुकसान का 24 घंटे में आकलन कर मुआवजा देने के निर्देश
सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि अतिवृष्टि और आकाशीय बिजली से हुई जनहानि, पशुहानि और आर्थिक नुकसान का तत्काल आकलन कराया जाए और पात्र प्रभावितों को 24 घंटे के भीतर मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। साथ ही अधिकारियों को प्रभावित परिवारों से संवाद बनाए रखने और जरूरी मदद सुनिश्चित करने को कहा गया है।
जलभराव को लेकर भी अलर्ट
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं कि भारी बारिश के कारण जलभराव से आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो। निचले इलाकों और प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव व्यवस्था पर विशेष नजर रखने को कहा गया है।
आकाशीय बिजली से बचने की अपील
सीएम ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि आकाशीय बिजली के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। अतिवृष्टि के दौरान नदियों और जलाशयों में स्नान करते समय भी विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
प्रदेश के आंबेडकर नगर, अमेठी, अयोध्या, बदायूं, बहराइच, बलरामपुर, लखनऊ, बरेली, गोंडा समेत करीब 30 जिलों में भारी बारिश का असर देखने को मिल रहा है। प्रशासन को प्रभावित इलाकों में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।