लखनऊ। उत्तरप्रदेश में लगातार हो रही बारिश से कई इलाकों में हालात बिगड़ गए हैं। प्रदेश की नदियां उफान पर हैं और 16 जिले बाढ़ की चपेट में बताए जा रहे हैं। चित्रकूट में जोरदार बारिश के बाद मंदाकिनी नदी में अचानक बाढ़ आ गई, जिससे रामघाट और भरतघाट पूरी तरह जलमग्न हो गए।वहीं लखनऊ, वाराणसी और कानपुर समेत 20 शहरों में शनिवार को बारिश हुई। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 51 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
चित्रकूट में मंदाकिनी का रौद्र रूप, घाट और मंदिर डूबे
चित्रकूट में पिछले करीब 14 घंटे से जारी तेज बारिश के कारण मंदाकिनी नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया। रामघाट और भरतघाट पूरी तरह पानी में डूब गए हैं। घाट किनारे बने मंदिरों और दुकानों में भी पानी भर गया है।नदी का बहाव तेज होने से आसपास के इलाकों में भी खतरा बढ़ गया है। सड़कों पर पानी भरने के बाद कुछ स्थानों पर नावों की मदद से आवाजाही करनी पड़ रही है।
25 फीट ऊंचा पुल टूटा, राजमहल तक पहुंचा पानी
मंदाकिनी नदी पर बना करीब 25 फीट ऊंचा बड़ा पुल टूटने की जानकारी सामने आई है। वहीं नयागांव राजमहल के अंदर तक पानी पहुंच गया है।बाढ़ की स्थिति को देखते हुए SDRF की टीमें मौके पर रेस्क्यू अभियान चला रही हैं। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।
सती अनुसूइया आश्रम के पास भी तबाही
तेज बहाव के कारण सती अनुसूइया आश्रम की रेलिंग और आसपास के घरों का सामान बह गया। लगातार बारिश और नदी के बढ़ते जलस्तर से क्षेत्र में लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
प्रयागराज में गंगा-यमुना फिर बढ़ीं
प्रयागराज में भी गंगा और यमुना के जलस्तर में एक बार फिर बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। गंगा नदी पर बने बक्शी बांध के पास एक ट्रक नदी में गिर गया।बढ़ते जलस्तर के बीच नदी के आसपास के इलाकों में प्रशासन की निगरानी बढ़ाई गई है।
कुशीनगर में नारायणी नदी से फिर मिले 2 शव
नेपाल में हुई भारी तबाही के बाद कुशीनगर की नारायणी नदी में शव बहकर आने का सिलसिला जारी है। शनिवार को दो और शव बरामद किए गए। पुलिस और SDRF की टीम ने शवों को नदी से बाहर निकाला।इससे पहले गुरुवार को भी नारायणी नदी से छह शव बरामद किए गए थे।
लखनऊ में दोपहर में छाया अंधेरा, तेज बारिश
शनिवार को लखनऊ, वाराणसी, कानपुर समेत 20 शहरों में बारिश हुई। राजधानी लखनऊ में दोपहर के समय अचानक अंधेरा छा गया। इसके बाद बादलों की तेज गड़गड़ाहट के बीच बारिश शुरू हो गई।लगातार बारिश के चलते कई इलाकों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है।
51 जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग (IMD) ने आज उत्तर प्रदेश के 51 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, सीतापुर और बहराइच में भारी बारिश के आसार जताए गए हैं।बारिश और बाढ़ के हालात को देखते हुए लोगों को नदी, नालों और जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने की सलाह दी गई है।