लखनऊ: उत्तरप्रदेश में मानसून की बारिश से हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। कई जिलों में नदी-नाले उफान पर हैं और बाढ़ का पानी गांवों व रिहायशी इलाकों तक पहुंच गया है। ललितपुर में तेज बहाव के बीच पुल पार करते समय एक युवक की बाइक नाले में बह गई, हालांकि युवक बाल-बाल बच गया। वहीं बाराबंकी में सरयू नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है और कई गांवों का संपर्क मुख्य मार्गों से टूट गया है।वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ने से सभी 84 घाटों का संपर्क टूट गया है। इसी बीच मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के 65 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें 9 जिलों में बहुत भारी और 17 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है।
ललितपुर में उफनाते नाले में बही बाइक
ललितपुर में लगातार बारिश के कारण सैर नाला उफान पर है। रविवार को नाले पर बना पुल पानी में डूब गया था। इसके बावजूद एक युवक बाइक लेकर पुल पार करने की कोशिश करने लगा।तेज बहाव के बीच संतुलन बिगड़ने से बाइक पानी में बह गई। हालांकि युवक ने किसी तरह खुद को बचा लिया और बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद प्रशासन ने लोगों से उफनते नदी-नालों और डूबे हुए पुल-पुलियों को पार नहीं करने की अपील की है।
बाराबंकी में सरयू खतरे के निशान से ऊपर
बाराबंकी में सरयू नदी का जलस्तर खतरे के निशान से करीब 10 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया है। नदी के बढ़ते जलस्तर से आसपास के इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।बाढ़ से प्रभावित 5 से अधिक गांवों का संपर्क दूसरे इलाकों से कट गया है। गांवों को जोड़ने वाले रास्ते पानी में डूब चुके हैं। बाढ़ में फंसे करीब 1,250 लोगों तक नाव के जरिए राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है।प्रशासन की टीमें प्रभावित इलाकों पर नजर बनाए हुए हैं और जरूरत के मुताबिक राहत एवं बचाव कार्य किया जा रहा है।
काशी में गंगा का बढ़ा जलस्तर, 84 घाटों का संपर्क टूटा
वाराणसी में गंगा नदी लगातार बढ़ रही है। जलस्तर बढ़ने के कारण काशी के सभी 84 घाटों का आपसी संपर्क टूट गया है।दशाश्वमेध घाट पर बनी जल पुलिस चौकी भी पानी में डूब गई है। घाटों पर पानी बढ़ने से धार्मिक गतिविधियां और सामान्य आवाजाही प्रभावित हुई है।गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर रख रहा है।
140 साल पुराना पारीछा बांध ओवरफ्लो
झांसी में बारिश और जलभराव के बीच बेतवा नदी पर बना पारीछा बांध इस सीजन में पहली बार ओवरफ्लो हो गया है। करीब 140 साल पुराने इस बांध में पानी बढ़ने के बाद इसके गेट खोल दिए गए हैं।बांध से पानी छोड़े जाने के बाद नदी के आसपास के इलाकों में प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।
संतकबीर नगर के 20 गांव बाढ़ की चपेट में
संतकबीर नगर में भी बाढ़ का असर गंभीर है। यहां करीब 20 गांव बाढ़ की चपेट में बताए जा रहे हैं। पानी भरने के कारण 9 सरकारी स्कूल भी प्रभावित हुए हैं और उनमें पानी भर गया है।ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन प्रभावित होने के साथ लोगों को रोजमर्रा के कामों में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
65 जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने सोमवार को उत्तर प्रदेश के 65 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें कई जिलों में तेज बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है।विभाग ने 9 जिलों में बहुत भारी बारिश और 17 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। ऐसे में नदी-नालों के आसपास और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।