लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। मंगलवार सुबह से जौनपुर, वाराणसी, अयोध्या, झांसी और गाजीपुर समेत कई शहरों में बारिश का दौर जारी रहा। वाराणसी में सोमवार रात से रुक-रुककर हो रही बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। सड़कों पर पानी भरने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और कई जगह बाइक व कारें पानी में फंस गईं। बारिश को देखते हुए कई जिलों में स्कूलों को बंद रखने का फैसला लिया गया है। जौनपुर और गाजीपुर में कक्षा 8 तक के स्कूल बंद किए गए हैं। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में मानसून की सक्रियता 27 अगस्त तक बने रहने की संभावना है। बुधवार को भी यूपी के कई हिस्सों में भारी से मूसलाधार बारिश हो सकती है।
29 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने बुधवार को प्रदेश के करीब 29 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें चित्रकूट, प्रयागराज, मिर्जापुर, बांदा, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, कौशांबी, फतेहपुर, सोनभद्र, रामपुर, बरेली, जालौन, झांसी, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, हरदोई, बिजनौर, मुरादाबाद, ललितपुर, फर्रुखाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, हमीरपुर और महोबा शामिल हैं। प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग को बारिश और संभावित बाढ़ की स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
नदियां उफान पर, 26 गांव बने टापू
लगातार बारिश के चलते प्रदेश की कई नदियां उफान पर हैं। करीब 19 जिले बाढ़ की चपेट में बताए जा रहे हैं। 92 गांवों में फसलों को नुकसान हुआ है, जबकि 26 गांव टापू में तब्दील हो गए हैं। लखीमपुर खीरी में शारदा नदी पर बने तमोलिनपुरवा बांध का एक हिस्सा कटने से आसपास के दर्जनों गांवों पर बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। ललितपुर में खेड़ार नदी के पुल के ऊपर से करीब तीन फीट पानी बह रहा है। वहीं सिरसी पुल के भी डूबने की जानकारी सामने आई है।
बारिश और बाढ़ से 24 घंटे में 4 मौतें
सोमवार से मंगलवार के बीच 24 घंटे में बारिश और बाढ़ से जुड़ी घटनाओं में चार लोगों की मौत हुई है। अयोध्या के बीकापुर में तेज आंधी और बारिश के दौरान झोपड़ी गिरने से एक बच्चे और एक युवती की मौत हो गई। गाजीपुर में बाढ़ के पानी में डूबने से एक युवक की जान चली गई, जबकि मुगलसराय में कच्ची दीवार गिरने से एक मासूम की मौत हो गई।
मथुरा से नोएडा तक जलभराव
बारिश का असर प्रदेश के कई शहरों में देखने को मिला। सोमवार को करीब 65 शहरों में बारिश दर्ज की गई थी। मथुरा में अंडरपास में करीब दो फीट पानी भरने से कई कारें आधी डूब गईं। नोएडा के सेक्टर-62 मेट्रो स्टेशन की सीढ़ियों के पास भी जलभराव हो गया। वहीं झांसी में बेतवा नदी का बांध ओवरफ्लो होने की स्थिति सामने आई। मौसम विभाग ने लोगों से भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने की अपील की है।