विधानसभा चुनाव 2027 से पहले उत्तरप्रदेश सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा कदम उठाते हुए अखिलेश यादव, मायावती समेत 52 नेताओं को बुलेटप्रूफ जैकेट उपलब्ध कराई है। इनमें 11 कैबिनेट मंत्री भी शामिल हैं। संजय निषाद, नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, ओपी राजभर और अपर्णा यादव को भी जैकेट दी गई है।
1.5 लाख रुपये तक बताई जा रही एक जैकेट की कीमत
बुलेटप्रूफ जैकेट यूपी सरकार के सुरक्षा मुख्यालय की ओर से खरीदी गई हैं। एक जैकेट की कीमत करीब 1.5 लाख रुपये बताई जा रही है।सूत्रों के मुताबिक, 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए एहतियात के तौर पर यह फैसला लिया गया है। खास बात यह है कि पहली बार नेताओं को सुरक्षा व्यवस्था के तहत बुलेटप्रूफ जैकेट उपलब्ध कराई गई हैं।
दो चरणों में 52 नेताओं को बांटी गई जैकेट
जानकारी के मुताबिक, पहले चरण में 8 नेताओं को बुलेटप्रूफ जैकेट दी गई थी, जबकि दूसरे चरण में 44 और नेताओं को जैकेट उपलब्ध कराई गई। इस तरह कुल 52 नेताओं को जैकेट दी जा चुकी है।सरकार की ओर से आधिकारिक तौर पर यह नहीं बताया गया है कि किन विशेष परिस्थितियों के कारण जैकेट देने का फैसला लिया गया।
मंत्रियों से लेकर विपक्षी नेताओं तक नाम शामिल
बुलेटप्रूफ जैकेट पाने वालों में सिर्फ सत्ता पक्ष के नेता ही नहीं, बल्कि विपक्ष के प्रमुख नेताओं के नाम भी शामिल हैं। अखिलेश यादव और मायावती के अलावा भाजपा के कुछ चर्चित नेताओं को भी यह सुरक्षा सुविधा दी गई है।पश्चिमी यूपी के भाजपा नेताओं संगीत सोम और सुरेश राणा का नाम भी जैकेट पाने वालों की सूची में शामिल बताया जा रहा है।
यूपी में 98 नेताओं को मिली किसी न किसी कैटेगरी की सुरक्षा
बताया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश में करीब 98 नेता ऐसे हैं, जिन्हें किसी न किसी श्रेणी की सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है। अब बुलेटप्रूफ जैकेट को भी सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा बनाए जाने के बाद इन नेताओं की सुरक्षा और मजबूत की गई है।