चम्पावत : किसानों के कल्याण तथा कृषि क्षेत्र को सुदृढ़ एवं सशक्त बनाने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा प्रत्येक माह आयोजित किए जाने वाले किसान दिवस के क्रम में विकासखंड चम्पावत सभागार में विकासखंड स्तरीय किसान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी मनीष कुमार ने की।
किसान दिवस के दौरान कृषकों ने घेरबाड़ सिंचाई कृषि पशुपालन सहित कृषि से जुड़े विभिन्न विषयों से संबंधित अपनी समस्याएं आवश्यकताएं और सुझाव अधिकारियों के समक्ष रखे। जिलाधिकारी ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने किसानों से विभागीय योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील भी की।
विरासतन भूमि के मामलों में प्रक्रिया पूरी कराने पर जोर
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कृषकों को विरासतन भूमि से संबंधित प्रकरणों में आवश्यक कार्यवाही एवं अभिलेखीय प्रक्रिया समय से पूर्ण कराने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भूमि संबंधी अभिलेखों को दुरुस्त रखने से पात्र किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में कठिनाई नहीं होगी।
फार्मर रजिस्ट्री और किसान आईडी बनाने पर विशेष जोर
जिलाधिकारी ने एग्रीस्टेट योजना के अंतर्गत फार्मर रजिस्ट्री एवं फार्मर आईडी तैयार कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी पात्र कृषक अनिवार्य रूप से अपनी फार्मर रजिस्ट्री बनवाएं। भविष्य में कृषि क्षेत्र में विभिन्न प्रकार के इनपुट एवं अन्य सुविधाओं का लाभ फार्मर आईडी के आधार पर प्रदान किया जाना है। ऐसे में प्रत्येक पात्र किसान की फार्मर रजिस्ट्री तैयार होना बेहद महत्वपूर्ण है।
कृषि योजनाओं और आधुनिक तकनीकों की दी जानकारी
कार्यक्रम में मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार ने कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं अनुदान एवं कृषक हितकारी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी किसानों को दी। वहीं कृषि विज्ञान केंद्र लोहाघाट के वैज्ञानिकों ने किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों उन्नत कृषि पद्धतियों तथा विभिन्न फसलों के उत्पादन और उत्पादकता बढ़ाने से संबंधित वैज्ञानिक जानकारी प्रदान की।