Uttarakhand Rain Alert: उत्तराखंड में पिछले तीन दिनों से जारी बारिश ने कई इलाकों में मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कुमाऊं के नैनीताल, हल्द्वानी, काशीपुर, रामनगर, चंपावत और खटीमा में तेज बारिश का दौर जारी है। भारी बारिश के चलते नदियों का जलस्तर बढ़ गया है, वहीं कई जगह सड़कें बंद होने से यातायात प्रभावित हुआ है। बारिश से जुड़े अलग-अलग हादसों में अब तक 12 से ज्यादा लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आई है। उत्तरकाशी में धरासू के पास लैंडस्लाइड के कारण गंगोत्री नेशनल हाईवे पर मलबा आने से मार्ग बंद हो गया, जिसे खोलने के लिए राहत टीमें जुटी हुई हैं।
कुमाऊं में भारी बारिश से बिगड़े हालात
नैनीताल और आसपास के क्षेत्रों में बारिश का असर सबसे ज्यादा देखने को मिल रहा है। हल्द्वानी की गौला नदी और रामनगर की कोसी नदी का जलस्तर बढ़ने से लोगों की चिंता बढ़ गई है। कैंची धाम में शिप्रा नदी भी उफान पर बताई गई है। वहीं नैनी झील का जलस्तर 88 फीट के पार पहुंचने के बाद चैनल खोल दिए गए हैं। भारी बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव और आवाजाही से जुड़ी परेशानियां सामने आ रही हैं।
उत्तरकाशी में लैंडस्लाइड, गंगोत्री हाईवे बंद
उत्तरकाशी में मंगलवार सुबह धरासू के पास भूस्खलन होने से भारी मात्रा में मलबा गंगोत्री नेशनल हाईवे पर आ गया। मलबा आने के कारण हाईवे पर यातायात रोकना पड़ा। प्रशासन की टीमों की ओर से सड़क से मलबा हटाने का काम किया जा रहा है। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश के बीच भूस्खलन की घटनाओं ने प्रशासन की चुनौती बढ़ा दी है।
172 सड़कें बंद, दो नेशनल हाईवे भी प्रभावित
बारिश के कारण उत्तराखंड में कुल 172 सड़कें बंद होने की जानकारी है। इनमें दो राष्ट्रीय राजमार्ग भी शामिल हैं। जिलेवार देखें तो अल्मोड़ा में 23, बागेश्वर में 11, चमोली में 17 और चंपावत में 2 मार्ग बंद हैं। देहरादून में 15, नैनीताल में 40, पौड़ी में 12 और पिथौरागढ़ में 12 सड़कें बंद हैं। इसके अलावा रुद्रप्रयाग में 11, टिहरी में 15 और उत्तरकाशी में 14 मार्ग प्रभावित हैं। सड़कों के बंद होने से कई पहाड़ी इलाकों में लोगों की आवाजाही मुश्किल हो गई है।
5 जिलों में स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद
भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए प्रशासन ने चंपावत, पिथौरागढ़, नैनीताल, अल्मोड़ा और बागेश्वर में स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखने के आदेश जारी किए हैं। प्रशासन की ओर से मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। खराब मौसम और संभावित जोखिम को देखते हुए बच्चों की सुरक्षा के लिए यह फैसला लिया गया है।
देहरादून में दो बच्चे लापता, SDRF का सर्च ऑपरेशन
देहरादून के रायपुर और पटेलनगर थाना क्षेत्रों से 10 और 12 साल के दो बच्चों के लापता होने की सूचना सामने आई है। रायपुर क्षेत्र के बालावाला से लापता बच्चे के नहर में डूबने की आशंका के बाद रात से ही उसकी तलाश की जा रही है। वहीं चंद्रबनी क्षेत्र से लापता 12 वर्षीय सम्राट गोपी की तलाश में SDRF की टीम जुटी हुई है। बारिश और जलस्तर बढ़ने के कारण सर्च ऑपरेशन में भी मुश्किलें आ रही हैं।
बारिश से जुड़े हादसों में कई लोगों की मौत
प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश और जलभराव से जुड़े हादसों में कई लोगों की जान गई है। पौड़ी के कोटद्वार में कोल्हू नदी में बाइक के साथ एक महिला और उसकी एक साल की बेटी बह गईं। दोनों की मौत हो गई, जबकि महिला का पति बच गया। पैठाणी क्षेत्र में पश्चिमी नयार नदी में बहने से एक महिला की मौत की जानकारी है। देहरादून के प्रेमनगर में बरसाती रपटे में दो कारें बहने से दो लोगों की जान गई। नैनीताल के भीमताल में नाले में बहने से तीन साल की बच्ची की मौत हुई, जबकि अल्मोड़ा में घर में मलबा घुसने से मां और दो बच्चों समेत पांच लोगों की मौत हुई। उत्तरकाशी में झील से एक अज्ञात व्यक्ति का शव भी बरामद किया गया है।
नैनीताल और हल्द्वानी में बढ़ा नदी-झीलों का जलस्तर
लगातार बारिश के कारण क्षेत्र की प्रमुख नदियों और जलस्रोतों का जलस्तर बढ़ रहा है। हल्द्वानी में गौला और रामनगर में कोसी नदी उफान पर हैं। नैनी झील का जलस्तर 88 फीट पार होने के बाद चैनल खोले गए हैं। हल्द्वानी-नैनीताल हाईवे पर बोल्डर गिरने से भी यातायात प्रभावित हुआ है। प्रशासन और SDRF की टीमें प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य में लगी हैं।
आज नैनीताल, बागेश्वर और देहरादून में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने आज उत्तराखंड के सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारों की संभावना जताई है। वहीं नैनीताल, बागेश्वर और देहरादून के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका जताई गई है। प्रदेश के बाकी जिलों के लिए यलो अलर्ट है। यहां भारी बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है।
अगले तीन दिन कैसा रहेगा मौसम?
3 सितंबर
देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, नैनीताल, चंपावत, ऊधम सिंह नगर, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी बारिश का यलो अलर्ट है। प्रदेशभर में गरज-चमक के साथ बारिश और आकाशीय बिजली की संभावना है।
4 सितंबर
नैनीताल, चंपावत, देहरादून, हरिद्वार और बागेश्वर में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी है। कई इलाकों में बारिश का तेज से अति तेज दौर देखने को मिल सकता है।
5 सितंबर
देहरादून, हरिद्वार और पौड़ी में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। राज्य के अन्य हिस्सों में भी गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।