देहरादून।उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार आज से प्रदेश के कुछ पर्वतीय इलाकों में हल्की बारिश और आकाशीय बिजली चमकने की संभावना है। उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।6 और 7 अक्टूबर को कई पर्वतीय जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। इसके चलते पहाड़ी क्षेत्रों में सुबह और शाम के समय ठंड बढ़ सकती है।
पहाड़ी जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
6 अक्टूबर को पर्वतीय जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
7 अक्टूबर को भी प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाओं का दौर जारी रहने का अनुमान है। मौसम में बदलाव का असर खासतौर पर पर्वतीय क्षेत्रों में देखने को मिलेगा।
8 अक्टूबर को ऊंची चोटियों पर पहली बर्फबारी के आसार
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 8 अक्टूबर को ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम बदल सकता है। इस दौरान प्रदेश की ऊंची चोटियों पर सीजन की पहली बर्फबारी होने के आसार हैं।बर्फबारी और बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में तापमान में गिरावट आने के साथ सुबह-शाम ठंड बढ़ सकती है।
मैदानी इलाकों में फिलहाल मौसम शुष्क
देहरादून, हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर समेत मैदानी इलाकों में आज मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है। इन क्षेत्रों में पिछले दिनों की तरह तेज धूप रहने की संभावना है। हालांकि सुबह और शाम के समय यहां भी ठंड बढ़ने के आसार हैं।देहरादून में आज आसमान साफ से आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। दोपहर बाद कुछ समय के लिए बादल और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है।
मानसून में कहीं ज्यादा तो कहीं कम बारिश
इस मानसून सीजन में उत्तराखंड में बारिश का वितरण असमान रहा। बागेश्वर में सामान्य से 135 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई, जबकि चमोली में सामान्य से 56 प्रतिशत और टिहरी में 25 प्रतिशत अधिक बारिश हुई।इसके विपरीत देहरादून में सामान्य से 10 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई। पौड़ी में बारिश सामान्य के मुकाबले आधे से भी कम रही।
अगले तीन दिनों का मौसम पूर्वानुमान
6 अक्टूबर: पर्वतीय जिलों में बारिश और गरज-चमक के साथ 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
7 अक्टूबर: प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश के साथ 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
8 अक्टूबर: ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम में बदलाव के साथ ऊंची चोटियों पर सीजन की पहली बर्फबारी के आसार हैं।