आर्मी रिक्रूटमेंट ऑफिस पिथौरागढ़ से प्राप्त जानकारी के अनुसार कुमाऊं मंडल के जनपद पिथौरागढ़ एवं चम्पावत के अभ्यर्थियों के लिए अग्निवीर भर्ती रैली के अंतर्गत ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा 27 फरवरी 2026 से 05 मार्च 2026 तक बनबसा मिलिट्री स्टेशन में आयोजित की जाएगी। यह आयोजन मुख्यालय भर्ती क्षेत्र (उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड) के अधीन संपन्न होगा। इस भर्ती प्रक्रिया में अग्निवीर की विभिन्न श्रेणियों—सामान्य ड्यूटी लिपिक/स्टोरकीपर टेक्नीशियन तकनीकी तथा ट्रेड्समैन (आठवीं एवं दसवीं उत्तीर्ण)—के लिए 4000 से अधिक ऑनलाइन परीक्षा में शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थी प्रतिभाग करेंगे।
अभ्यर्थियों को प्रमाण पत्र लाना अनिवार्य
अग्निवीर श्रेणी की भर्ती के लिए सभी अभ्यर्थियों को रैली स्थल पर अनिवार्य रूप से अपने समस्त आवश्यक अभिलेख साथ लाने होंगे जिनमें हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट अंकपत्र मूल निवास प्रमाण पत्र जाति प्रमाण पत्र (यदि लागू हो) एनसीसी प्रमाण पत्र (यदि लागू हो) संबंध प्रमाण पत्र (यदि लागू हो) राज्य/राष्ट्रीय खेल प्रमाण पत्र (यदि लागू हो) अविवाहित प्रमाण पत्र तथा चरित्र प्रमाण पत्र शामिल हैं। सभी शॉर्टलिस्ट अभ्यर्थियों को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर सामूहिक संदेश के माध्यम से आवश्यक दिशा-निर्देश प्रेषित किए गए हैं। भर्ती प्रक्रिया को अधिक स्पष्ट एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से कार्यालय द्वारा अभिलेख सत्यापन प्रक्रिया तथा अग्निवीर श्रेणी के लिए क्या करें एवं क्या न करें विषय पर एक यूट्यूब वीडियो लिंक भी जारी किया गया है। कार्यालय ने अभ्यर्थियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे किसी भी प्रकार की प्रदर्शन क्षमता बढ़ाने वाली प्रतिबंधित वस्तुओं का सेवन न करें तथा किसी भी दलाल या एजेंट के झांसे में न आएं क्योंकि भारतीय सेना में चयन प्रक्रिया पूर्णतः निष्पक्ष एवं पारदर्शी है।
जिलाधिकारी कार्यालय में आयोजित संयुक्त सिविल–मिलिट्री समन्वय बैठक में जिलाधिकारी मनीष कुमार द्वारा आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की गई। उन्होंने अपर जिलाधिकारी के.एन. गोस्वामी को कार्यक्रम का नोडल अधिकारी नामित किया तथा उपजिलाधिकारी टनकपुर अनुराग आर्य को भर्ती स्थल का संयुक्त निरीक्षण कर आर्मी रिक्रूटमेंट ऑफिस पिथौरागढ़ को निर्बाध एवं सुरक्षित आयोजन के लिए समस्त आवश्यक प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। भर्ती प्रक्रिया के सुचारू संचालन के लिए अतिरिक्त परिवहन बसों की व्यवस्था पेयजल टैंकर सफाई कर्मियों की तैनाती एम्बुलेंस सेवा विद्युत आपूर्ति तथा चिकित्सकीय दल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए। इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी द्वारा भर्ती स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की गई। उन्होंने बताया कि 27 एवं 28 फरवरी को पिथौरागढ़ जनपद के लगभग 2500 अभ्यर्थी तथा 01 02 एवं 03 मार्च को चम्पावत जनपद के लगभग 1500 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे।
Comments (0)