योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित हिंदू सेवाश्रम भवन की छत पर पार्टी का झंडा फहराया। इस दौरान उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों के साथ सेल्फी ली और सभी को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।
कार्यकर्ताओं को दी बधाई और संदेश
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया के माध्यम से कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि भाजपा की विकास यात्रा सत्ता की नहीं, बल्कि संस्कार और विचारों की है। उन्होंने ‘अंत्योदय से राष्ट्रोदय’ के संकल्प को पार्टी की मूल भावना बताया।
नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी
इस अवसर पर सांसद रवि किशन शुक्ल, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक विपिन सिंह, प्रदीप शुक्ल सहित कई जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भाजपा की विचारधारा पर जोर
योगी आदित्यनाथ ने अपने संदेश में कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि दीनदयाल उपाध्याय, श्यामा प्रसाद मुखर्जी और अटल बिहारी वाजपेयी के आदर्शों और सनातनी मूल्यों से प्रेरित एक विचारधारा है।
‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना पर बल
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना से प्रेरित यह संगठन आज एक विशाल वटवृक्ष बन चुका है, जो देश के करोड़ों लोगों की आशाओं और आकांक्षाओं को मजबूती दे रहा है। भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस प्रदेशभर में उत्साह के साथ मनाया गया, जहां पार्टी के विचार, संगठन और राष्ट्र सेवा के संकल्प को दोहराया गया।