प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 47वें स्थापना दिवस समारोह में पार्टी की उपलब्धियों और आगामी लक्ष्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भाजपा हर चुनौती का सामना ईमानदारी और निष्ठा से कर रही है और भविष्य में भी इसी प्रकार काम करती रहेगी।
पीएम ने गिनाए अपने काम...
प्रधानमंत्री ने पार्टी की प्रमुख उपलब्धियों में अंग्रेजों के समय के कई पुराने कानूनों को समाप्त करना, नया संसद भवन बनवाना, सामान्य समाज के गरीबों के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण, तीन तलाक पर रोक, नागरिकता संशोधन कानून (CAA) और अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को शामिल किया। उन्होंने कहा कि ये सभी कार्य पार्टी के ईमानदार प्रयासों का नतीजा हैं।
जनता का भरोसा भाजपा की ओर बढ़ा
भविष्य की दिशा में प्रधानमंत्री ने यूनिफॉर्म सिविल कोड, वन नेशन, वन इलेक्शन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर गंभीर चर्चा की आवश्यकता बताई। उनका कहना था कि भाजपा का लक्ष्य एक विकसित और आत्मनिर्भर भारत बनाना है, और इसके लिए बिना किसी स्वार्थ के काम करना जारी रहेगा। उन्होंने 1984 के दौर का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस की सत्ता और विश्वासघात के समय जनता का भरोसा भाजपा की ओर बढ़ा। इसके बाद सेवा आधारित राजनीति को प्राथमिकता मिलने लगी और सत्ता आधारित राजनीति का धीरे-धीरे पतन हुआ। प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि “राष्ट्र प्रथम” का सिद्धांत और राष्ट्रीय एकता भाजपा की पहचान बन गई है।
भाजपा ने एक सशक्त कैडर आधारित संगठन बनाया
कार्यकर्ताओं के योगदान को याद करते हुए मोदी ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मार्गदर्शन में भाजपा ने एक सशक्त कैडर आधारित संगठन बनाया। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के समर्पण, सेवा भावना और मूल्यों के प्रति अडिग निष्ठा की सराहना की। समारोह में प्रधानमंत्री ने पार्टी स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भाजपा आगामी वर्षों में भी अपने लक्ष्यों को पाने और देश सेवा के लिए पूरी निष्ठा से काम करती रहेगी।