नई दिल्ली: राजधानी में सोमवार दोपहर एक चौंकाने वाली सुरक्षा चूक सामने आई, जब एक अज्ञात शख्स कार लेकर दिल्ली विधानसभा परिसर में घुस गया। यह घटना करीब दोपहर 2:05 बजे की बताई जा रही है, जब यूपी नंबर की सफेद टाटा सिएरा कार ने मॉल रोड स्थित बंद गेट को तोड़ते हुए अंदर प्रवेश किया। बताया जा रहा है कि कार चालक ने VIP एंट्री गेट (गेट नंबर-2) को निशाना बनाया, जो आमतौर पर विशिष्ट व्यक्तियों के लिए इस्तेमाल होता है। लोहे का गेट और बूम बैरियर तोड़कर अंदर घुसने के बाद आरोपी सीधे स्पीकर कक्ष की ओर बढ़ा।
गुलदस्ता रखकर हुआ फरार
हैरानी की बात यह रही कि आरोपी कार से उतरकर स्पीकर कक्ष के बाहर एक गुलदस्ता रखता है और बिना किसी हड़बड़ी के वापस कार में बैठकर मौके से फरार हो जाता है। इस अजीबोगरीब हरकत के बाद विधानसभा परिसर में हड़कंप मच गया।
जांच में जुटी पुलिस, CCTV खंगाले जा रहे
घटना के तुरंत बाद दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पूरे परिसर को छानबीन के लिए घेर लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की पहचान करने की कोशिश जारी है। प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, कार उत्तर प्रदेश में सरबजीत सिंह नाम के व्यक्ति के नाम पर रजिस्टर्ड है, हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि घटना के वक्त वही वाहन चला रहा था या नहीं।
बम निरोधक दस्ता और क्राइम ब्रांच सक्रिय
घटना की गंभीरता को देखते हुए बम निरोधक दस्ता और क्राइम ब्रांच की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। जांच के दौरान अब तक कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां हर एंगल से मामले की जांच कर रही हैं।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
राजधानी के सबसे संवेदनशील इलाकों में से एक विधानसभा परिसर में इस तरह की सेंध ने सुरक्षा इंतजामों पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। VIP गेट से इस तरह घुसपैठ कैसे हुई, इसे लेकर प्रशासन पर दबाव बढ़ गया है।