गोरखपुर - सीएम योगी ने अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के अपने संकल्प को दोहराते हुए कहा है कि, वे उत्तर प्रदेश की धरती पर गुंडों और माफिया को पनपने नहीं देंगे। उन्होंने साफ-साफ शब्दों में आगे कहा कि, गुंडों और माफिया की जहां जगह होगी, वहां उन्हें पहुंचा दिया जाएगा। उत्तर प्रदेश में दंगे, कर्फ्यू, अराजकता और लूटखसोट के दिन लग गए हैं।
2017 के पहले माफिया की सरकार थी
इसके साथ ही सीएम ने आगे अपने संबोधन में कहा कि, आज उत्तर प्रदेश में व्यापारियों व महिलाओं की सुरक्षा की गारंटी है। सरकार हर व्यक्ति के जीवन सुगमता और उज्ज्वल भविष्य के लिए पूजरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि, 2017 के बाद आज भी प्रदेश, इसका तंत्र और पुलिस वही है लेकिन आज इसकी पहचान बदल गई है। 2017 के पहले हर जिले में माफिया की समानांतर सरकार थी, नौजवानों के सामने पहचान का संकट था।
उत्तर प्रदेश अब उत्सव प्रदेश बन चुका
मुख्यमंत्री योगी ने आगे कहा कि, आज प्रदेश के नौजवान को अन्य जगहों पर सम्मान मिलता है। आज का उत्तर प्रदेश अब उपद्रव नहीं उत्सव प्रदेश बन चुका है। अब यहां अराजकता नहीं है बल्कि यह माफियामुक्त हो चुका है। सुरक्षित माहौल में व्यापारी और बेटियों ने स्वावलंबन की नई ऊंचाई की यात्रा शुरू की है।