ऊधमसिंह नगर के दिनेशपुर स्थित जाफरपुर कॉलोनी में उस वक्त हड़कंप मच गया जब वहां एक नई देसी शराब की दुकान खोलने की तैयारी शुरू हुई। इस फैसले के खिलाफ कॉलोनी की महिलाएं सड़कों पर उतर आई हैं। महिलाओं का साफ कहना है कि रिहाइशी इलाके और कॉलोनी के गेट पर शराब का ठेका किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
महिलाओं ने कुमाऊं कमिश्नर से की मुलाकात
जाफरपुर में सुबह से ही माहौल गर्माया हुआ है। हाथों में मांग पत्र लिए ये वो महिलाएं हैं जो अपने मोहल्ले की शांति और सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। वही इस मामले की गंभीरता को देखते हुए महिलाओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत से मुलाकात की और उन्हें ज्ञापन सौंपा। महिलाओं ने सीधे तौर पर मांग की है कि प्रस्तावित देसी शराब के ठेके को जाफरपुर कॉलोनी के गेट से हटाकर कहीं दूर आबादी से बाहर शिफ्ट किया जाए। महिलाओं का कहना है कि हमारी कॉलोनी के मुख्य द्वार पर ही ठेका खोला जा रहा है। यहाँ से हमारी बहू-बेटियाँ और बच्चे गुजरते हैं।
दुकान खुलने से बढ़ेगी अराजकता
शराब की दुकान खुलने से यहाँ अराजकता बढ़ेगी और हमारा घर से निकलना दूभर हो जाएगा। हम प्रशासन से मांग करते हैं कि इसे तुरंत यहाँ से हटाया जाए। वही शिकायत मिलते ही कुमाऊं कमिश्नर ने मामले को गंभीरता से लिया जिसके बाद आबकारी विभाग की टीम तुरंत एक्शन मोड में नजर आई। विभाग की टीम ने मौके पर पहुँचकर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय प्रशासन अब इस बात की समीक्षा कर रहा है कि क्या दुकान के लिए तय मानक पूरे किए गए हैं या नहीं। फिलहाल आबकारी विभाग की जांच जारी है और महिलाओं ने चेतावनी दी है कि यदि ठेका निरस्त नहीं किया गया तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगी।