उत्तरप्रदेश के हापुड़ जिले के धौलाना क्षेत्र में धौलाना-गुलावठी मार्ग पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 7 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ जब गाजियाबाद के डासना से बुलंदशहर के गुलावठी गई बारात वापस लौट रही थी और बस में सवार लोग घर जा रहे थे।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार, बारातियों से भरी बस और एक ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में मौके पर ही 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। जिलाधिकारी , पुलिस अधीक्षक और मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों की स्थिति का जायजा लिया और बेहतर इलाज के निर्देश दिए।
बचाव और राहत कार्य
पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को एंबुलेंस की सहायता से नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।