उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज उच्चीकृत विद्यालयों का लोकार्पण करेंगे। यह कार्यक्रम सुबह 9:00 बजे जनभवन में आयोजित होगा। लोकार्पण कार्यक्रम के बाद योगी आदित्यनाथ सुबह 11:45 बजे मुजफ्फरनगर के लिए रवाना होंगे। इसके बाद उनका सहारनपुर दौरा भी प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
ट्रैफिक व्यवस्था के चलते स्कूलों का समय बदला
मुख्यमंत्री के दौरे को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने निर्देश जारी किए हैं कि मुजफ्फरनगर शहर के सभी स्कूल सोमवार को केवल सुबह 11 बजे तक ही संचालित होंगे। इसके बाद छात्रों को छुट्टी दे दी जाएगी, ताकि सड़कों पर भीड़ और जाम की स्थिति न बने।
अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा का अनावरण
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार योगी आदित्यनाथ सबसे पहले अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसके बाद वे नुमाइश मैदान में आयोजित ‘वृहद रोजगार मेले’ में शामिल होंगे, जहां युवाओं को नियुक्ति पत्र और योजनाओं के लाभार्थियों को चेक व किट वितरित किए जाएंगे।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
रविवार को कलेक्ट्रेट में बैठक के दौरान डीएम उमेश मिश्रा ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि स्कूलों की छुट्टी समय से कराई जाए। मुख्यमंत्री का आगमन दोपहर करीब 1 बजे प्रस्तावित है। सुरक्षा के मद्देनज़र पूरे शहर को सेक्टरों में बांटा गया है और जगह-जगह पुलिस बल तैनात किया गया है।