हरिद्वार में जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन लगातार जारी है। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता धरने पर बैठी हैं और अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी कर रही हैं। बहादराबाद ब्लॉक की अध्यक्ष कविता चौहान ने बताया कि उनकी कुल 11 सूत्रीय मांगें हैं जिनमें सबसे प्रमुख मांग मानदेय बढ़ाने की है।
कार्यकर्ताओं ने लगाया आरोप
कार्यकर्ताओं का आरोप है कि बार-बार धरना देने के बावजूद उनकी मांगों पर प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई और न ही कोई लिखित आश्वासन दिया गया। उन्होंने देहरादून में हुए पिछले प्रदर्शन का भी उल्लेख किया और प्रशासन के रवैये पर अपनी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि वर्तमान मानदेय बेहद कम है जबकि काम का बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है। इसके अलावा ₹300 की कटौती का विरोध करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि इसे किसी भी हालत में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
प्रदर्शनकारी कार्यकर्ता मानदेय वृद्धि कार्य भार में संतुलन कटौती की वापसी और बेहतर कार्य परिस्थितियों सहित अन्य मांगों की भी मांग कर रही हैं। उनका कहना है कि बच्चों की शिक्षा और देखभाल की जिम्मेदारी निभाते हुए उन्हें उचित सम्मान और वेतन मिलना चाहिए।