खटीमा में केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना के विरोध में कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और पूर्व सैन्य अधिकारियों ने हस्ताक्षर अभियान चलाकर युवाओं से इस योजना के खिलाफ एकजुट होने की अपील की। कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष गोपाल सिंह गड़िया और बलवीर पंवार समेत कई दिग्गज मौजूद रहे।
केंद्र सरकार पर तीखा हमला
खटीमा पहुँचे कर्नल नेगी ने एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जब से यह योजना लागू हुई है कांग्रेस पार्टी लगातार सड़क से सदन तक इसका विरोध कर रही है। कर्नल नेगी ने अग्निवीर योजना को युवाओं के भविष्य के साथ एक बड़ा अन्याय करार दिया। कर्नल नेगी का बयान आया कि चार साल की अल्पकालिक सेवा के बाद युवाओं का भविष्य अंधकार में चला जाएगा। इससे न केवल युवाओं में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है बल्कि स्थायी रोजगार के अवसर भी खत्म हो रहे हैं।
योजना सेना की पारंपरिक मजबूती अनुभव
यह योजना सेना की पारंपरिक मजबूती अनुभव और उसकी दीर्घकालिक दक्षता पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है। वहीं कर्नल नेगी ने उत्तराखंड का जिक्र करते हुए भावुक अंदाज में कहा कि यहाँ के युवाओं के लिए सेना सिर्फ एक नौकरी नहीं बल्कि उनकी परंपरा और सम्मान का प्रतीक है। अग्निवीर योजना इस गौरवशाली सैन्य परंपरा को कमजोर करने का काम कर रही है। इस मौके पर विचार मंच बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के आर.पी. ध्यानी भी उपस्थित रहे। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह हस्ताक्षर अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक सरकार युवाओं की आवाज नहीं सुनती।