पंजाब के जालंधर में BSF चौक के नजदीक एक भीड़भाड़ वाले इलाके में खड़ी एक स्कूटर में जोरदार धमाका हुआ। धमाके के बाद स्कूटर में आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाकर भागने लगे। हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
अमृतसर के खासा इलाके में दूसरा धमाका
कुछ घंटे बाद अमृतसर के खासा इलाके में BSF और आर्मी कैंप के पास एक और धमाका हुआ। यह घटना देर रात करीब 10:30 से 11 बजे के बीच हुई। शुरुआती आशंका के मुताबिक, किसी मोटरसाइकिल से ग्रेनेड फेंके जाने की संभावना जताई जा रही है।
सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे, जांच शुरू
धमाके की सूचना मिलते ही पुलिस और सेना की टीमें मौके पर पहुंच गईं और जांच शुरू कर दी गई। फोरेंसिक टीम भी सबूत इकट्ठा कर रही है और हर पहलू की जांच की जा रही है।
IED इस्तेमाल की आशंका
प्रारंभिक जांच में जालंधर और अमृतसर दोनों जगह हुए धमाकों में IED के इस्तेमाल की आशंका जताई जा रही है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
पूरे पंजाब में हाई अलर्ट
घटनाओं के बाद पूरे पंजाब में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।