बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता करेंगे। सीएम बनने के बाद यह उनकी तीसरी बैठक है, जो शाम 5 बजे मुख्यमंत्री सचिवालय में आयोजित होगी। 7 मई को होने वाले शपथ ग्रहण से ठीक एक दिन पहले हो रही इस बैठक को बेहद अहम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि सरकार मंत्रिमंडल विस्तार से पहले अपनी प्राथमिकताओं को अंतिम रूप दे सकती है। बैठक में डिप्टी सीएम विजय चौधरी और विजेंद्र यादव सहित कई अधिकारी मौजूद रहेंगे।
अहम प्रस्तावों पर लग सकती है मुहर
बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों और नई नीतियों को मंजूरी मिलने की संभावना है। प्रशासनिक और विकास से जुड़े फैसलों पर चर्चा होगी।
7 मई को शपथ ग्रहण समारोह
7 मई को गांधी मैदान में नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण होगा। इस कार्यक्रम में नरेंद्र मोदी, अमित शाह और नितिन नवीन समेत कई बड़े नेताओं के शामिल होने की संभावना है।
पिछली बैठकों के फैसले
22 अप्रैल को हुई पहली कैबिनेट बैठक में 22 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई थी। इसमें ग्रीनफील्ड टाउनशिप, महिला पुलिसकर्मियों को स्कूटी और पुलिस बल को मोटरसाइकिल देने जैसे फैसले शामिल थे। वहीं 29 अप्रैल को हुई दूसरी बैठक में 63 प्रस्तावों को मंजूरी मिली, जिनमें बिजली आपूर्ति मजबूत करने, नई ट्रांसमिशन लाइन और सड़क परियोजनाओं से जुड़े फैसले शामिल थे।