मध्यप्रदेश में इस महीने तबादलों पर लगी रोक हटने के संकेत मिल रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने मुख्य सचिव अनुराग जैन और सामान्य प्रशासन विभाग के अधिकारियों को जल्द नई ट्रांसफर पॉलिसी तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
15 मई से खुल सकते हैं तबादले
मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में इस मुद्दे पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि विभाग को पहले ही नीति तैयार करने के निर्देश दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक इसे अंतिम रूप नहीं दिया गया है। उन्होंने अधिकारियों को बिना देरी के स्पष्ट और प्रभावी नीति प्रस्तुत करने के लिए कहा।
अगली कैबिनेट में आ सकती है नई ट्रांसफर पॉलिसी
जानकारी के अनुसार, मंत्रियों ने भी पिछले वर्ष की तरह इस बार भी तबादलों से प्रतिबंध हटाने की मांग रखी, जिस पर मुख्यमंत्री ने सहमति जताई है। हालांकि, सरकार इस बार केवल जरूरी तबादले ही करने के पक्ष में है।
नई व्यवस्था के तहत जिलों के प्रभारी मंत्रियों को अधिकारियों के तबादले का अधिकार दिया जा सकता है, जबकि विभागीय स्तर पर तबादले संबंधित विभागों के मंत्रियों के माध्यम से किए जाएंगे।माना जा रहा है कि 15 मई से तबादलों पर लगी रोक हटाई जा सकती है और अगली कैबिनेट बैठक में नई ट्रांसफर पॉलिसी को मंजूरी मिल सकती है।