मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अपने मंत्रियों के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड लेने जा रहे हैं। 8 से 10 मई के बीच मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में विभागवार समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें सभी मंत्री अपने-अपने विभागों की प्रगति रिपोर्ट पेश करेंगे।
ढाई साल के कार्यकाल का होगा आकलन
इस समीक्षा बैठक में सरकार के ढाई साल के कार्यकाल पर विशेष फोकस रहेगा। मंत्री अपनी उपलब्धियों के साथ-साथ भविष्य की योजनाओं का रोडमैप भी प्रस्तुत करेंगे। इसके अलावा विभागों में आ रही चुनौतियों और जनता से मिले फीडबैक पर भी विस्तार से चर्चा की जाएगी।
दिसंबर में भी हुई थी समीक्षा
इससे पहले दिसंबर में भी इसी तरह की समीक्षा बैठक आयोजित की गई थी। अब एक बार फिर सरकार अपने कामकाज का आकलन कर आगे की रणनीति तय करने की तैयारी में है।
कैबिनेट विस्तार की अटकलें तेज
इन समीक्षा बैठकों के बीच राज्य में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। फिलहाल कैबिनेट में 4 पद खाली बताए जा रहे हैं। निगम-मंडल नियुक्तियों के बाद अब सरकार का फोकस मंत्री पदों पर है। वहीं, कई विधायकों की नजर संभावित कैबिनेट विस्तार पर टिकी हुई है।