रुड़की से इस वक्त बड़ी खबर सामने आ रही है जहां अवैध प्लाटिंग के खिलाफ हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण HRDA का पीला पंजा जमकर चला है। प्राधिकरण की टीम ने शहर के अलग अलग इलाकों में चल रही अनाधिकृत प्लॉटिंग पर सख्त कार्रवाई करते हुए कई बीघा जमीन पर बने अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
बिना अनुमति के प्लॉटिंग
मिली जानकारी के अनुसार सालियर माधोपुर रोड पर त्यागी डेरी और जनता सीमेंट स्टोर के सामने लगभग 20 से 25 बीघा भूमि पर बिना अनुमति के प्लॉटिंग की जा रही थी। इसके अलावा ढंडेरा क्षेत्र में पानी की टंकी के पास करीब 5 से 6 बीघा और ढंडेरी ख्वाजगीपुर गांव में शिव मंदिर के पीछे लगभग 4 से 5 बीघा जमीन पर भी अवैध प्लॉटिंग विकसित की जा रही थी।
लोगों को कई बार नोटिस
बताया जा रहा है कि हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण द्वारा संबंधित लोगों को कई बार नोटिस और चेतावनी दी गई थी लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य बंद नहीं किया गया। चेतावनी की अनदेखी करने पर प्राधिकरण ने सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस बल की मौजूदगी में जेसीबी मशीनों से अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
कार्रवाई के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा वहीं प्राधिकरण के अधिकारियों ने साफ तौर पर निर्देश दिए हैं कि बिना मानचित्र स्वीकृति के किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य न किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।