रूड़की से बड़ी खबर सामने आ रही है जहाँ अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर आशीष सैनी ने हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने प्राधिकरण को भ्रष्टाचार का अड्डा बताते हुए कई अनियमितताओं का खुलासा किया है।
सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की अनदेखी
कांग्रेस नेता आशीष सैनी का आरोप है कि हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण में राजस्व चोरी के कई मामले सामने आ रहे हैं लेकिन अधिकारी कार्रवाई करने से बच रहे हैं। उनका कहना है कि आवासीय भूखंडों और कॉलोनियों के लेआउट पास करने की प्रक्रिया में पहले फाइलों को निरस्त किया जाता है और बाद में कथित रूप से भ्रष्टाचार कर उन्हें कम राजस्व में स्वीकृत किया जाता है। आशीष सैनी ने यह भी आरोप लगाया कि बाग और कृषि भूमि पर आवासीय कॉलोनियां विकसित करने में सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि स्थानीय जनता लगातार शिकायतें करती है लेकिन किसी की सुनवाई नही हो रही। कांग्रेस नेता ने यह भी आरोप लगाया कि अन्य राज्यों से प्रतिनियुक्ति पर आए एक्सटेंशन पर कार्यरत और संविदा कर्मचारी मिलकर एक षड्यंत्रकारी समूह के रूप में काम कर रहे हैं। आशीष सैनी ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे मुख्यमंत्री से विशेष टास्क फोर्स गठित करने की मांग करेंगे और जरूरत पड़ने पर न्यायालय का दरवाजा भी खटखटाएंगे।
Comments (0)