पर्यटन नगरी मसूरी में निजी दौरे पर पहुंचे केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक होटल के सभागार में पत्रकार वार्ता का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने कृषि से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी साझा की और उत्तराखंड को हॉर्टिकल्चर का हब बनाने का दावा किया।
देश में रिकॉर्ड खाद्यान्न उत्पादन
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि देश में रिकॉर्ड खाद्यान्न उत्पादन हुआ है और केंद्र सरकार किसानों को हर संभव सहायता प्रदान करती है। उन्होंने एकीकृत खेती मॉडल योजना की भी शुरुआत की जिसके तहत एक ही योजना में पशुपालन खेती और विभिन्न रोजगारपरक योजनाओं का लाभ किसानों को मिलेगा। इसके अलावा केंद्रीय कृषि मंत्री ने उत्तराखंड में पलायन और जंगली जानवरों से निपटने के लिए घेरबाढ़ व्यवस्था और ऐसी उपज तैयार करने की योजना की जानकारी दी जिसे जंगली जानवर न खा सकें। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर भी निशाना साधा और कहा कि कांग्रेस द्वारा विदेशों में जाकर भारत सरकार की आलोचना की जाती है जिससे देश के किसानों में भ्रम पैदा होता है।केंद्रीय मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार किसानों के कल्याण और राज्य में कृषि व हॉर्टिकल्चर के विकास के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
Comments (0)