उत्तराखंड में कांग्रेस अपने चुनावी अभियान की औपचारिक शुरुआत 10 अप्रैल से करने जा रही है। इस अवसर पर हरिद्वार के जयराम आश्रम में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा जिसमें प्रदेश और पार्टी के वरिष्ठ नेता भाग लेंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस सम्मेलन में पार्टी की वरिष्ठ नेता और उत्तराखंड प्रभारी कुमारी शैलजा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगी।
कुमारी शैलजा का पांच दिन का दौरा प्रस्तावित
गोदियाल ने बताया कि कुमारी शैलजा का उत्तराखंड में पांच दिन का दौरा प्रस्तावित है। इस दौरान वे मसूरी देहरादून विकासनगर हल्द्वानी रुद्रपुर कोटद्वार और हरिद्वार सहित कई जिलों का दौरा करेंगी और संगठन को मजबूत करने पर जोर देंगी। उन्होंने दावा किया कि 2027 में कांग्रेस की सरकार प्रदेश में बनेगी और भाजपा को कड़ी चुनौती दी जाएगी।
कुंभ मेला घोषित करने के फैसले पर सवाल
इसके अलावा गोदियाल ने हाल ही में अर्ध कुंभ को कुंभ मेला घोषित करने के फैसले पर सवाल उठाते हुए सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों में पारदर्शिता और स्पष्टता जरूरी है और सरकार को जनता के सामने इसके कारण स्पष्ट रूप से बताने चाहिए। विशेषज्ञों का मानना है कि इस सम्मेलन को कांग्रेस के चुनावी मूड की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है। पार्टी इस अभियान के माध्यम से प्रदेश में संगठन को मजबूत करने कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और जनता के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने का प्रयास कर रही है।