कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में शनिवार सुबह एक बार फिर सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर दिया। तड़के मां फ्लाईओवर पर दो चारपहिया वाहनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में एक बच्चा भी शामिल बताया जा रहा है। हादसे के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गई।
डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंची कार
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसा तपसिया के पास हुआ। पुलिस के अनुसार, पार्क सर्कस की ओर से बाइपास की दिशा में जा रही एक तेज रफ्तार कार के चालक ने अचानक वाहन से नियंत्रण खो दिया। कार डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंच गई। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही एक अन्य कार से उसकी जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण कि दोनों कारें क्षतिग्रस्त
टक्कर का प्रभाव इतना तेज था कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। दुर्घटना में चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। सूत्रों के मुताबिक, घायलों में से एक को एसएसकेएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि, अभी तक घायलों की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर तपसिया थाने ले जाया गया। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हादसे के समय कार चालक नशे में था या नहीं। फिलहाल दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
हादसे के कारण मां फ्लाईओवर पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ, लेकिन पुलिस की कार्रवाई के बाद स्थिति सामान्य हो गई।