मालदा: पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में कार्तिक पूजा के एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान बिजली गुल होने के बाद जनरेटर चलाने को लेकर शुरू हुआ विवाद जानलेवा बन गया। आरोप है कि विवाद शांत कराने पहुंचे बीजेपी के मंडल उपाध्यक्ष और पूजा समिति के सचिव चंदन मंडल के सीने पर एक युवक ने मुक्का मार दिया। इससे वह जमीन पर गिर पड़े। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।
जनरेटर चलाने में देरी को लेकर शुरू हुआ विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, घटना गुरुवार रात मालदा के हबीबपुर थाना क्षेत्र के ऋषिपुर इलाके के दक्षिण चांदपुर की है। यहां हर साल की तरह इस बार भी सार्वजनिक कार्तिक पूजा का आयोजन किया गया है। गुरुवार को पूजा समिति की ओर से एक विशेष कार्यक्रम रखा गया था। कार्यक्रम के दौरान अचानक बिजली चली गई, जिसके बाद जनरेटर ऑपरेटर बिजली व्यवस्था बहाल करने के लिए जनरेटर चलाने पहुंचा।
आरोप है कि जनरेटर चालू करने में थोड़ी देरी होने पर स्थानीय युवक कनाई चौधरी ऑपरेटर से उलझ गया। देखते ही देखते दोनों के बीच विवाद बढ़ने लगा।
विवाद शांत कराने पहुंचे थे चंदन मंडल
स्थिति बिगड़ती देख पूजा समिति के सचिव और बीजेपी के हबीबपुर-1 मंडल के उपाध्यक्ष चंदन मंडल ने बीच-बचाव करने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि वह विवाद कर रहे युवक को पकड़कर पूजा समिति के कार्यालय में ले गए, ताकि मामले को शांत कराया जा सके।
हालांकि, आरोप है कि इसी दौरान कनाई चौधरी ने चंदन मंडल के सीने पर जोरदार मुक्का मार दिया। मुक्का लगते ही चंदन मंडल जमीन पर गिर पड़े और उनकी हालत बिगड़ गई।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने चंदन मंडल को संभाला और उन्हें मालदा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना से पूजा समिति के सदस्यों, परिजनों और स्थानीय लोगों में शोक और आक्रोश है।
आरोपी गिरफ्तार, कड़ी सजा की मांग
घटना की सूचना मिलने के बाद हबीबपुर थाने की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गुरुवार रात ही आरोपी कनाई चौधरी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, मृतक के परिजनों और स्थानीय बीजेपी नेताओं ने घटना में शामिल आरोपी समेत अन्य संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और सख्त सजा की मांग की है।
फिलहाल इस घटना ने एक धार्मिक आयोजन के दौरान सुरक्षा और आपसी विवाद को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।