हावड़ा: पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले में शुक्रवार सुबह बाली हॉल्ट बस स्टैंड के पास भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। बस स्टैंड के नीचे स्थित एक बंद दुकान में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने आसपास की दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
ट्रैफिक पुलिस की नजर पड़ते ही दमकल विभाग को दी गई सूचना
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह बाली हॉल्ट बस स्टैंड के नीचे एक बंद दुकान में अचानक आग लग गई। सबसे पहले बाली ट्रैफिक पुलिस की नजर आग पर पड़ी। पुलिसकर्मियों ने बिना देरी किए दमकल विभाग को इसकी सूचना दी। खबर मिलते ही दमकल की तीन गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
4 से 5 दुकानें पूरी तरह जलकर हुईं राख
आग की चपेट में घटनास्थल के आसपास मौजूद कई दुकानें आ गईं। इस परिसर में करीब 14 से 15 दुकानें थीं। दमकलकर्मियों की तत्परता से आग को दूसरी दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया, लेकिन इस दौरान 4 से 5 दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। आग की भयावहता को देखते हुए इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
पास में खड़ी मालगाड़ी भी आ सकती थी आग की चपेट में
इस घटना ने रेलवे की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चिंता पैदा कर दी थी। घटनास्थल के ठीक बगल में बाली स्टेशन की रेलवे लाइन मौजूद है, जहां एक मालगाड़ी खड़ी थी। दमकलकर्मियों की त्वरित कार्रवाई के चलते मालगाड़ी को सुरक्षित बचा लिया गया।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, यदि आग रेलवे की ओवरहेड इलेक्ट्रिक (OHE) तारों या पास में मौजूद सिग्नल बॉक्स तक फैल जाती, तो बड़ा हादसा हो सकता था। इससे रेल परिचालन भी पूरी तरह बाधित होने की आशंका थी।
आग लगने के कारणों का पता नहीं
फिलहाल आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। आग किन परिस्थितियों में लगी और इसकी शुरुआत कैसे हुई, इसकी जानकारी सामने आनी बाकी है। राहत की बात यह रही कि दमकल विभाग की तत्परता से आग को रेलवे ट्रैक और आसपास की अन्य दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया।