कोलकाता: पश्चिम बंगाल के सिटोंग से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। बारबेक्यू के दौरान लगी आग में गंभीर रूप से झुलसी निकिता साहा की करीब दो महीने तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद मौत हो गई। लंबे समय तक इलाज और तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। इस घटना से परिवार और स्थानीय इलाके में शोक का माहौल है।
दो महीने तक अस्पताल में चला इलाज, गुरुवार सुबह ली अंतिम सांस
जानकारी के मुताबिक, निकिता साहा उत्तर दिनाजपुर जिले के चोपड़ा की रहने वाली थीं। पिछले जुलाई में उन्होंने सौविक दास के साथ शादी की थी। दोनों करीब आठ साल से एक-दूसरे के साथ रिश्ते में थे। शादी के बाद नई जिंदगी की शुरुआत और यादगार पल बिताने के लिए यह जोड़ा 13 सितंबर को दार्जिलिंग के खूबसूरत पहाड़ी इलाके सिटोंग हनीमून मनाने पहुंचा था। लेकिन वहां हुआ एक हादसा उनकी खुशियों को मातम में बदल गया।
बारबेक्यू के दौरान अचानक भड़की आग, 60 फीसदी शरीर झुलसा
बताया जा रहा है कि सिटोंग के एक होमस्टे में रात के समय बारबेक्यू का इंतजाम किया गया था। इसी दौरान आग की लपटें अचानक तेज हो गईं और निकिता उसकी चपेट में आ गईं। इस हादसे में उनके शरीर का करीब 60 प्रतिशत हिस्सा झुलस गया। पत्नी को बचाने की कोशिश में उनके पति सौविक दास के हाथ में भी जलने की चोटें आईं।
परिवार का आरोप है कि बारबेक्यू की आग तेज करने के लिए होमस्टे के एक कर्मचारी ने ज्वलनशील पदार्थ डाला था। इसके बाद आग अचानक भड़क उठी। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था, जिसमें आग की लपटें अचानक फैलती दिखाई दी थीं।
होमस्टे प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप, चार लोगों की हुई थी गिरफ्तारी
हादसे के बाद निकिता के परिवार ने होमस्टे प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए थे। परिवार का कहना था कि आग लगने के बाद निकिता को अस्पताल पहुंचाने में देरी हुई और वहां जरूरी प्राथमिक चिकित्सा सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं थीं।
मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की थी। 19 सितंबर को इस मामले में होमस्टे के मालिक, एक कर्मचारी और अन्य आरोपियों समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया था। वहीं, प्रशासन ने संबंधित होमस्टे को भी सील कर दिया था। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही थी।
बंगूर अस्पताल से निजी अस्पताल में किया गया था शिफ्ट
निकिता का पहले शिलिगुड़ी में इलाज कराया गया। बाद में बेहतर उपचार के लिए उन्हें कोलकाता के एमआर बंगूर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिवार के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों में उनकी तबीयत और बिगड़ गई थी। इसके बाद करीब चार दिन पहले उन्हें बंगूर अस्पताल से कोलकाता के एक निजी अस्पताल में शिफ्ट किया गया।
हालांकि, तमाम कोशिशों के बावजूद निकिता को बचाया नहीं जा सका। गुरुवार (19 नवंबर) सुबह करीब 4 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।
निकिता की मौत ने एक बार फिर पहाड़ी पर्यटन स्थलों पर स्थित होमस्टे की सुरक्षा व्यवस्था, अग्निशमन इंतजाम और पर्यटकों की आपातकालीन सहायता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।