कोलकाता: केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता सुकांत मजूमदार ने बंगाल में कानून-व्यवस्था और राजनीतिक हालात को लेकर तीखी टिप्पणी की है। कोलकाता में जरूरतमंद लोगों के बीच छठ पूजा की पूजन सामग्री वितरण कार्यक्रम में शामिल होने के बाद उन्होंने कहा कि अब बंगाल में किसी की दंगा करने की हिम्मत नहीं होगी। अगर कोई दंगा करने की कोशिश करेगा तो उसे कड़ा जवाब दिया जाएगा। उन्होंने अपने बयान में कहा, 'दंगा करने आएगा तो हमसे पंगा हो जाएगा।'
कार्यक्रम के दौरान सुकांत मजूमदार ने बंगाल की सांस्कृतिक विविधता का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बंगाल की संस्कृति में देश के अलग-अलग हिस्सों का स्वाद और परंपराएं समाहित हैं। यहां उत्तर प्रदेश की संस्कृति का प्रभाव भी देखने को मिलता है, तो वहीं बंगाल के अपने खानपान और परंपराओं की भी अलग पहचान है। मछली-भात से लेकर अलग-अलग क्षेत्रों के व्यंजनों तक, सभी मिलकर बंगाल की सांस्कृतिक पहचान बनाते हैं।
हिंदुओं पर हमले की घटना का किया जिक्र
इलाके में पहले हुई हिंसा को लेकर पूछे गए सवाल पर सुकांत मजूमदार ने कहा कि यहां एक बार हिंदुओं पर हमला हुआ था। उस घटना के दौरान एक आईपीएस अधिकारी भी घायल हुए थे। उन्होंने बताया कि उस समय संबंधित आईपीएस अधिकारी की पत्नी तृणमूल कांग्रेस की विधायक थीं। इसी संदर्भ में उन्होंने कहा कि अब ऐसी स्थिति दोबारा पैदा नहीं होने दी जाएगी और दंगा करने वालों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
तृणमूल से बीजेपी में आए नेताओं को भी दी नसीहत
बातचीत के दौरान जब उनसे पूछा गया कि 4 तारीख के बाद तृणमूल कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में आए कुछ लोग उनके साथ तस्वीरें खिंचवाते नजर आ रहे हैं, तो उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि केवल तस्वीर खिंचवाने या पार्टी बदल लेने से किसी को बीजेपी में जगह नहीं मिल जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे लोगों को पार्टी में अपने लिए जगह मिलने की उम्मीद नहीं रखनी चाहिए।
सुकांत मजूमदार के इस बयान को बंगाल की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों और बीजेपी में दूसरे दलों से आए नेताओं की भूमिका के संदर्भ में अहम माना जा रहा है।