नई दिल्ली: Air India ने जून से अगस्त 2026 के बीच कई घरेलू और अंतरराष्ट्रीय रूट्स पर उड़ानों में अस्थायी कटौती करने का फैसला लिया है। एयरलाइन ने बढ़ती ईंधन कीमतों और एयरस्पेस से जुड़ी चुनौतियों को इसकी मुख्य वजह बताया है। कंपनी का कहना है कि हालात सामान्य होने पर सेवाएं दोबारा बहाल कर दी जाएंगी।
घरेलू उड़ानों में बड़ी कटौती
एयर इंडिया ने कई प्रमुख घरेलू रूट्स पर साप्ताहिक उड़ानों की संख्या घटा दी है।
इनमें प्रमुख बदलाव इस प्रकार हैं:
दिल्ली–मुंबई: 176 से घटकर 165 साप्ताहिक उड़ानें
मुंबई–कोलकाता: 42 से 30 उड़ानें
दिल्ली–गोवा (डाबोलिम/मोपा): उड़ानों में भारी कटौती
दिल्ली–बेंगलुरु: 116 से 113 उड़ानें
दिल्ली–कोलकाता: 70 से 63 उड़ानें
मुंबई–बेंगलुरु: 91 से 84 उड़ानें
मुंबई–हैदराबाद: 63 से 59 उड़ानें
दिल्ली–इंदौर: 21 से 14 उड़ानें
बेंगलुरु–चंडीगढ़: 14 से 7 उड़ानें
दिल्ली–काठमांडू: पहले 42 से 28 और बाद में 21 साप्ताहिक उड़ानें
अंतरराष्ट्रीय रूट्स पर भी असर
एयर इंडिया इससे पहले कई अंतरराष्ट्रीय रूट्स पर भी कटौती कर चुकी है।
दिल्ली–शंघाई उड़ान पूरी तरह बंद कर दी गई है। वहीं:
दिल्ली–सिंगापुर: 24 से 14 उड़ानें
मुंबई–सिंगापुर: 14 से 7 उड़ानें
दिल्ली–बैंकॉक: 28 से 21 उड़ानें
दिल्ली–कुआलालंपुर: 10 से 5 उड़ानें
दिल्ली–पेरिस: रोजाना 2 से घटकर 1 उड़ान
दिल्ली–शिकागो: सेवा पूरी तरह बंद
इसके अलावा लंदन, फ्रैंकफर्ट और न्यूयॉर्क जैसे लंबे रूट्स पर भी 15 से 30 प्रतिशत तक कटौती की गई है।
ईंधन और एयरस्पेस संकट बना वजह
एयरलाइन के अनुसार ईंधन की लगातार बढ़ती कीमतों का असर ऑपरेशन पर पड़ रहा है।
इसके साथ ही मध्य पूर्व में जारी तनाव के कारण ईरान, इराक और इजराइल के एयरस्पेस से बचकर उड़ानें संचालित करनी पड़ रही हैं, जिससे उड़ानों के रूट लंबे हो गए हैं और ईंधन खर्च बढ़ गया है।
पाकिस्तान एयरस्पेस बंद होने का भी असर
भारतीय एयरलाइंस के लिए पाकिस्तान का एयरस्पेस बंद होने से यूरोप और अमेरिका जाने वाली उड़ानों का समय और लागत दोनों बढ़ गई हैं। एयरलाइन इंडस्ट्री पर इसका सीधा असर पड़ रहा है।
यात्रियों को दिए जाएंगे विकल्प
Air India ने कहा है कि जिन यात्रियों की उड़ानें प्रभावित होंगी, उन्हें वैकल्पिक फ्लाइट का विकल्प दिया जाएगा। इसके अलावा मुफ्त में तारीख बदलने या पूरा रिफंड लेने की सुविधा भी मिलेगी।
सोशल मीडिया पर फैली खबरों को बताया गलत
एयरलाइन ने यह भी साफ किया है कि सभी उड़ानें रद्द होने की खबरें पूरी तरह गलत और भ्रामक हैं। कंपनी ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस वेबसाइट या ऐप पर जरूर जांच लें।