नई दिल्ली - कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (Employees' Provident Fund Organisation) से जुड़ी सेवाओं में जल्द बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। आने वाले समय में कर्मचारी अपने PF (Provident Fund) की राशि को सीधे UPI के जरिए निकाल सकेंगे, ठीक उसी तरह जैसे बैंक अकाउंट से पैसे ट्रांसफर किए जाते हैं।
श्रम मंत्रालय की ओर से टेस्टिंग पूरी
केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मंडाविया ने जानकारी दी है कि, इस नई सुविधा की टेस्टिंग लगभग पूरी हो चुकी है। जल्द ही इसे देशभर में लागू किया जा सकता है, जिससे करोड़ों कर्मचारियों को राहत मिलेगी। नई व्यवस्था लागू होने के बाद EPFO सदस्य अपने PF खाते में मौजूद बैलेंस को सीधे बैंक खाते में UPI के माध्यम से ट्रांसफर कर सकेंगे। इसके लिए बैंक अकाउंट का EPFO से लिंक होना जरूरी होगा। यूजर अपने UPI PIN की मदद से सुरक्षित तरीके से ट्रांजैक्शन पूरा कर पाएंगे, जिससे प्रक्रिया तेज और सरल हो जाएगी।
बैंक जैसी सुविधा मिलेगी PF खाताधारकों को
इस बदलाव के बाद PF निकासी की लंबी प्रक्रिया काफी हद तक खत्म हो जाएगी। पैसा सीधे बैंक खाते में आने के बाद उसे UPI पेमेंट, ऑनलाइन ट्रांजैक्शन या ATM से कैश निकालने में इस्तेमाल किया जा सकेगा। इस डिजिटल पहल से देश के करोड़ों संगठित क्षेत्र के कर्मचारियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। सरकार का उद्देश्य PF सेवाओं को और अधिक पारदर्शी, तेज और यूजर फ्रेंडली बनाना है।