वैश्विक बाजारों में जारी अनिश्चितता के बीच मंगलवार को घरेलू सर्राफा बाजार में सोने की कीमतों की शुरुआत लगभग सपाट रही। वहीं चांदी में गिरावट देखने को मिली।
एमसीएक्स पर सोने में हल्की बढ़त
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर 5 जून 2026 के सोने के कॉन्ट्रैक्ट ने पिछली क्लोजिंग 1,59,401 रुपये के मुकाबले 498 रुपये की बढ़त के साथ 1,59,899 रुपये पर कारोबार शुरू किया। सुबह 10 बजे तक सोना मामूली 20 रुपये की तेजी के साथ 1,59,421 रुपये पर कारोबार कर रहा था। कारोबार के दौरान सोने ने 1,59,161 रुपये का निचला और 1,59,899 रुपये का ऊपरी स्तर छुआ।
चांदी में दिखी कमजोरी
सोने के मुकाबले चांदी में कमजोरी देखने को मिली। 3 जुलाई 2026 के चांदी कॉन्ट्रैक्ट की शुरुआत 380 रुपये की गिरावट के साथ 2,76,271 रुपये पर हुई। खबर लिखे जाने तक चांदी 2,351 रुपये या 0.85 प्रतिशत टूटकर 2,74,300 रुपये पर कारोबार कर रही थी।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी दबाव
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी सोने और चांदी की कीमतों में नरमी देखी गई। सोना 0.35 प्रतिशत गिरकर 4,542 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया, जबकि चांदी 1.32 प्रतिशत टूटकर 76.47 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती दिखाई दी।
अमेरिका-ईरान तनाव पर बाजार की नजर
अमेरिका और ईरान के बीच तनाव के कारण वैश्विक बाजारों में अस्थिरता बनी हुई है। हालांकि अमेरिका द्वारा ईरान पर संभावित हमला टालने के संकेत मिलने के बाद कच्चे तेल की कीमतों में हल्की नरमी आई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि कतर, सऊदी अरब और यूएई की सलाह पर ईरान पर हमला फिलहाल टाल दिया गया है और शांति वार्ता की संभावना बनी हुई है।
एक साल में निवेशकों को शानदार रिटर्न
बीते एक साल में सोना और चांदी दोनों ने निवेशकों को मजबूत रिटर्न दिया है। डॉलर के हिसाब से सोने ने करीब 40 प्रतिशत और चांदी ने लगभग 135 प्रतिशत का रिटर्न दिया है।