बुधवार को सोने और चांदी की कीमतों में कमजोरी देखने को मिली। घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजार में दोनों कीमती धातुओं के दाम दबाव में रहे। Multi Commodity Exchange of India (एमसीएक्स) पर सोने का 5 जून 2026 कॉन्ट्रैक्ट पिछली क्लोजिंग 1,59,080 रुपए के मुकाबले 106 रुपए की गिरावट के साथ 1,58,974 रुपए पर खुला। हालांकि शुरुआती कारोबार में गिरावट और बढ़ गई। सुबह 10 बजे तक सोना 736 रुपए यानी 0.46 प्रतिशत टूटकर 1,58,344 रुपए पर कारोबार करता दिखा। कारोबार के दौरान सोने ने 1,57,959 रुपए का न्यूनतम और 1,60,378 रुपए का उच्चतम स्तर छुआ।
चांदी में 1% से ज्यादा की कमजोरी
चांदी के 3 जुलाई 2026 कॉन्ट्रैक्ट में भी बड़ी गिरावट देखने को मिली। यह पिछली क्लोजिंग 2,70,119 रुपए के मुकाबले 2,889 रुपए यानी 1.06 प्रतिशत टूटकर 2,67,230 रुपए पर खुला। खबर लिखे जाने तक चांदी 2,67,225 रुपए पर कारोबार कर रही थी। सत्र के दौरान चांदी का न्यूनतम स्तर 2,66,850 रुपए और उच्चतम स्तर 2,68,464 रुपए रहा।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी दबाव
वैश्विक बाजार में भी सोने और चांदी की कीमतों में कमजोरी देखने को मिली। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 0.49 प्रतिशत गिरकर 4,462 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया, जबकि चांदी 0.17 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 73.868 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती दिखी।
डॉलर इंडेक्स पर निवेशकों की नजर
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार डॉलर इंडेक्स में मजबूती और वैश्विक आर्थिक संकेतों के कारण कीमती धातुओं पर दबाव बना हुआ है। डॉलर इंडेक्स अमेरिकी डॉलर की दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले स्थिति को दर्शाता है।