वैश्विक बाजारों में जारी अस्थिरता के बीच शुक्रवार को सोने और चांदी की कीमतों में हल्की गिरावट दर्ज की गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर शुरुआती कारोबार में दोनों कीमती धातुएं सीमित दायरे में कारोबार करती नजर आईं।
MCX पर सोना कमजोर
एमसीएक्स पर 5 जून 2026 डिलीवरी वाला सोना कॉन्ट्रैक्ट अपनी पिछली क्लोजिंग 1,59,606 रुपए के मुकाबले 108 रुपए की गिरावट के साथ 1,59,498 रुपए पर खुला। सुबह 9:56 बजे तक सोना 405 रुपए यानी 0.25 प्रतिशत टूटकर 1,59,201 रुपए पर कारोबार कर रहा था। कारोबार के दौरान सोने ने 1,58,816 रुपए का निचला स्तर और 1,59,498 रुपए का उच्चतम स्तर छुआ।
चांदी में भी कमजोरी
सोने के साथ-साथ चांदी की कीमतों में भी गिरावट देखने को मिली। एमसीएक्स पर 5 जुलाई 2026 डिलीवरी वाली चांदी 1,083 रुपए टूटकर 2,73,800 रुपए पर खुली। खबर लिखे जाने तक चांदी 533 रुपए यानी 0.19 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 2,74,350 रुपए पर कारोबार कर रही थी। कारोबार के दौरान चांदी ने 2,73,266 रुपए का न्यूनतम स्तर और 2,75,000 रुपए का उच्चतम स्तर बनाया।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी दबाव
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कीमती धातुओं पर दबाव बना हुआ है। कॉमेक्स पर सोना 0.37 प्रतिशत गिरकर 4,527 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था, जबकि चांदी 0.18 प्रतिशत कमजोर होकर 76.88 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।
ईरान-अमेरिका तनाव में नरमी के संकेत
वैश्विक बाजारों में उतार-चढ़ाव के बीच ईरान और अमेरिका के बीच तनाव कम होने की खबरों ने निवेशकों की चिंता कुछ हद तक कम की है। ईरानी समाचार एजेंसी ISNA के अनुसार, तेहरान और वाशिंगटन के बीच मध्यस्थों के जरिए बातचीत जारी है और दोनों पक्ष संघर्ष समाप्त करने के लिए समझौते के प्रारूप पर चर्चा कर रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि भू-राजनीतिक तनाव में कमी आने से सुरक्षित निवेश माने जाने वाले सोने और चांदी की मांग पर असर पड़ा है।