नई दिल्ली: आज के समय में आधार कार्ड हर जरूरी काम के लिए सबसे अहम दस्तावेज बन चुका है। बैंक अकाउंट खोलने से लेकर सरकारी योजनाओं, मोबाइल सिम, स्कूल एडमिशन और यात्रा तक हर जगह आधार की जरूरत पड़ती है। ऐसे में अगर आपका आधार कार्ड खो जाए या आप अपना 12 अंकों का आधार नंबर भूल जाएं, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। UIDAI ने ऐसे कई आसान तरीके दिए हैं, जिनकी मदद से घर बैठे ही आधार नंबर दोबारा हासिल किया जा सकता है।
UIDAI वेबसाइट से ऐसे करें आधार नंबर रिकवर
अगर आपका आधार कार्ड खो गया है, तो सबसे आसान तरीका UIDAI की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए आधार नंबर रिकवर करना है। इसके लिए सबसे पहले UIDAI की वेबसाइट पर जाकर “My Aadhaar” सेक्शन में जाएं और “Retrieve Lost or Forgotten EID/UID” विकल्प पर क्लिक करें। यहां आपको अपना नाम, रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर या ईमेल आईडी और कैप्चा भरना होगा। इसके बाद आपके मोबाइल पर OTP आएगा। OTP डालते ही आपके सामने आधार से जुड़ी जानकारी दिखाई देगी। इसके बाद आप अपना ई-आधार डाउनलोड भी कर सकते हैं। यह सुविधा पूरी तरह मुफ्त है।
SMS और ईमेल से भी मिल सकता है आधार नंबर
UIDAI ने उन लोगों के लिए भी सुविधा दी है, जो वेबसाइट इस्तेमाल नहीं करना चाहते। यूजर्स ईमेल के जरिए भी आधार नंबर रिकवर कर सकते हैं। इसके लिए getdetail.aadhaar@gmail.com पर मेल भेजना होगा। मेल के बॉडी सेक्शन में UID, नाम और पिन कोड लिखना होगा। करीब 24 घंटे के भीतर जवाब मिल जाता है। इसके अलावा UIDAI के हेल्पलाइन नंबर 1947 पर कॉल करके IVRS सुविधा के जरिए भी आधार डिटेल्स प्राप्त की जा सकती हैं। यह तरीका खासकर बुजुर्गों और कम टेक्नोलॉजी इस्तेमाल करने वाले लोगों के लिए काफी मददगार माना जा रहा है।
रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर नहीं है तो क्या करें?
अगर आपका मोबाइल नंबर या ईमेल आधार से लिंक नहीं है, तब भी आधार नंबर वापस पाया जा सकता है। इसके लिए आपको नजदीकी आधार एनरोलमेंट सेंटर जाना होगा। वहां बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन के जरिए आपकी पहचान की पुष्टि की जाएगी और फिर आधार नंबर रिकवर कर दिया जाएगा। UIDAI हेल्पलाइन 1947 पर कॉल करके भी पूरी प्रक्रिया की जानकारी ली जा सकती है।
मोबाइल और ईमेल अपडेट रखना जरूरी
विशेषज्ञों का कहना है कि आधार से मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी अपडेट रखना बेहद जरूरी है। इससे भविष्य में आधार खोने या नंबर भूलने जैसी स्थिति में आसानी से जानकारी दोबारा हासिल की जा सकती है। साथ ही किसी भी फ्रॉड या गलत इस्तेमाल की स्थिति में भी तुरंत अलर्ट मिल जाता है।